भोजपुरी का पहला रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' 2 अगस्त से; पवन सिंह, निरहुआ और तेज प्रताप यादव एक साथ आएंगे नजर
भोजपुरी का पहला रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' 2 अगस्त से JioHotstar पर शुरू होगा, जिसमें पवन सिंह, निरहुआ, तेज प्रताप यादव जैसे सितारे एक साथ नजर आएंगे।

भोजपुरी का पहला रियलिटी शो भोजपुरी बवाल
HighLights
भोजपुरी का पहला रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' 2 अगस्त से।
पवन सिंह, निरहुआ, तेज प्रताप यादव जैसे सितारे शामिल होंगे।
सितारों के निजी और प्रोफेशनल जीवन का खुलासा होगा।
डिजिटल डेस्क, पटना। टीवी पर जल्द ही भोजपुरी का पहला रियलिटी शो भोजपुरी बवाल आने वाला है। इस शो में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के बड़े-बड़े दिग्गज और बिहार के बड़े नेता एक साथ नजर आने वाले हैं। शो में इन बड़े सितारों की असली जिंदगी बिना किसी छिपाव के दिखाएगा। इसमें उनके निजी और प्रोफेशनल जीवन की सच्ची बातें सामने आएंगी।
इस शो में भोजपुरी का पावर स्टार पवन सिंह, अभिनेता दिनेश लाल यादव (निरहुआ), आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक साथ नजर आने वाले हैं। शो का प्रसारण 2 अगस्त को JioHotstar पर शुरू होगा। वहीं इस शो की मेजबानी मनीषा रानी और कृष्णा अभिषेक करेंगे।
हेडलाइंस के पीछे हम असल में कौन हैं: पवन सिंह
पवन सिंह ने इस शो के बारे में कहा, “लोगों ने हमारे बारे में कई सालों से तरह-तरह की कहानियां सुनी हैं। कुछ सच हैं, कुछ बढ़ा-चढ़ाकर बताई गई हैं और कई पूरी तरह गढ़ी हुई हैं। यह शो दर्शकों को मौका देगा कि वे हेडलाइंस के पीछे हम असल में कौन हैं, यह जान सकें।”
कोई भी परफेक्ट बनने का नाटक नहीं कर रहा: निरहुआ
निरहुआ ने बताया कि शो में कोई भी परफेक्ट बनने का नाटक नहीं कर रहा है। “हम साथ में हंसते-मजाक करते हैं, बहस भी करते हैं, एक-दूसरे की टांग खींचते हैं और खुलकर अपनी बात रखते हैं। यही इस शो को सच्चा बनाता है। और हां... मैंने आखिर में जो कहा है, उसका जवाब दर्शक 2 अगस्त से खुद ही दे देंगे।”
इस रियलिटी शो में सितारे अपनी फेम, महत्वाकांक्षा, परिवार, दोस्ती, आपसी प्रतिस्पर्धा और स्टार बनने के दबाव जैसी बातों को खुलकर शेयर करेंगे। यह शो दर्शकों को भोजपुरी मनोरंजन जगत की उस दुनिया की सच्ची झलक दिखाएगा, जिसने लाखों लोगों को आकर्षित किया है लेकिन अंदर की बातें कम ही लोग जान पाते हैं।
