भोजपुर में स्प्रिट कंपनी में मशीन के बेल्ट में फंसा हाथ, कटने के बाद 22 दिन तक चला इलाज; पटना के युवक की मौत
भोजपुर के पीरो स्थित स्प्रिट कंपनी में काम के दौरान मशीन में हाथ फंसने से नौबतपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार की ...और पढ़ें

पटना के घायल युवक की मौत। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
भोजपुर की स्प्रिट कंपनी में काम करते हुए हादसा।
मशीन में हाथ फंसने से नौबतपुर निवासी धर्मेंद्र की मौत।
22 दिन इलाज के बाद 15 नवंबर को तोड़ा दम।
संवाद सहयोगी, नौबतपुर (पटना)। नौबतपुर थाना क्षेत्र के गौरा जगदीशपुर गांव निवासी बालेश्वर साव के 28 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र कुमार की भोजपुर जिले के पीरो स्थित स्प्रिट बनाने वाली कंपनी में काम करने के दौरान हुए हादसे में मौत हो गई।
हाथ कटने से गंभीर रूप से जख्मी धर्मेंद्र ने 15 नवंबर को दानापुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सोमवार को स्वजन शव लेकर नौबतपुर थाना पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया।
24 अक्टूबर को कट गया था हाथ
मृतक के भाई रवि भूषण ने बताया कि धर्मेंद्र पीरो स्थित स्प्रिट कंपनी में कॉन्ट्रैक्ट पर काम करता था। 24 अक्टूबर को कंपनी में काम करने के दौरान उसका हाथ मशीन के बेल्ट में फंस गया, जिससे उसका हाथ कट गया।
हादसे के बाद कंपनी में अफरातफरी मच गई। साथी कर्मियों ने तुरंत उसे मशीन से बाहर निकाला और गंभीर हालत में आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
वहां कई दिनों तक इलाज चला, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। करीब 10 दिन पहले उसे बेहतर इलाज के लिए दानापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान हार गया जिंदगी की जंग
जहां इलाज के दौरान 15 नवंबर को उसकी मौत हो गई। धर्मेंद्र की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। वह अपने परिवार का कमाऊ सदस्य था।
उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी, माता-पिता और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
रवि भूषण के अनुसार, मौत के बाद स्वजन शव लेकर कंपनी पहुंचे थे। कंपनी प्रबंधन ने मुआवजे की प्रक्रिया के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट मांगी।
इसके बाद स्वजन शव लेकर नौबतपुर थाना पहुंचे। थानाध्यक्ष नंदन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।