भोजपुर में CBI की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते ओवरसियर गिरफ्तार, सरकारी आवास पर रंगे हाथ पकड़ा
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भोजपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरा प्रधान डाकघर के ओवरसियर पुरुषोत्तम कुमार को 10 ...और पढ़ें
HighLights
CBI ने आरा में डाकघर ओवरसियर को रिश्वत लेते पकड़ा।
पुरुषोत्तम कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।
ग्रामीण डाक सेवक से सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगी थी।
जागरण संवादादाता, आरा(भोजपुर)। भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भोजपुर में बड़ी कार्रवाई की है। आरा प्रधान डाकघर से जुड़े ओवरसियर पुरुषोत्तम कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। CBI की टीम ने रविवार रात उसे आरा प्रधान डाकघर स्थित उसके सरकारी आवास से पकड़ा।
आरोप है कि उदवंतनगर प्रखंड के छोटकी सासाराम स्थित उप डाकघर में पदस्थ ग्रामीण डाक सेवक से सरकारी काम कराने और फाइल पर हस्ताक्षर करने के बदले रिश्वत मांगी गई थी। लगातार पैसे की मांग से परेशान ग्रामीण डाक सेवक ने CBI से शिकायत की थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद CBI ने बिछाया ट्रैप
शिकायत मिलने के बाद CBI ने पहले आरोपों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद एजेंसी ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई। रविवार को ग्रामीण डाक सेवक आरोपी के सरकारी आवास पर पहुंचा और उसे 10 हजार रुपये दिए।
इसी दौरान पहले से निगरानी कर रही CBI की टीम ने कार्रवाई करते हुए पुरुषोत्तम कुमार को पकड़ लिया। बताया जाता है कि टीम को देखते ही आरोपी घबरा गया और उसने रिश्वत की रकम बाहर फेंक दी। हालांकि, CBI ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और रकम बरामद कर ली।
हर तीन महीने पर 10 हजार रुपये मांगने का आरोप
शिकायतकर्ता ग्रामीण डाक सेवक का आरोप है कि उससे हर तीन महीने पर 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जाती थी। सरकारी काम कराने और फाइल पर हस्ताक्षर करने के एवज में लगातार पैसे मांगे जाने से वह परेशान था।
इसी के बाद उसने CBI से संपर्क किया। शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद एजेंसी ने ट्रैप की कार्रवाई की। अब CBI रिश्वतखोरी के आरोप से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
प्रमोशन के बाद हुआ था अरवल तबादला
बताया जाता है कि पुरुषोत्तम कुमार आरा हेड पोस्ट ऑफिस में इंस्पेक्टर के कार्यालय से जुड़े कार्य देखता था। दो दिन पहले ही प्रमोशन के बाद उसका तबादला अरवल किया गया था।
इसके बावजूद CBI ने आरा स्थित उसके सरकारी आवास पर कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एजेंसी उसे अपने साथ ले गई और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
गिरफ्तारी के दौरान स्वजन ने किया हल्का विरोध
CBI की कार्रवाई के दौरान आरोपी के परिवार के सदस्यों ने हल्का विरोध भी किया। मौके पर मौजूद नवादा थाने की पुलिस ने स्वजन को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
इसके बाद CBI की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई। कार्रवाई की जानकारी सामने आने के बाद डाक विभाग के कर्मचारियों के बीच भी हलचल मच गई।
क्या होता है पोस्ट ऑफिस के ओवरसियर का काम?
डाक विभाग में मेल ओवरसियर की जिम्मेदारी मैदानी कर्मचारियों और डाक वितरण व्यवस्था की निगरानी करना होती है। वह पोस्टमैन समेत अन्य कर्मचारियों के काम का निरीक्षण करता है।
इसके अलावा डाक की समय पर डिलीवरी, रूट और बीट व्यवस्था, लेटरबॉक्स से जुड़े रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों की निगरानी भी उसकी जिम्मेदारी में शामिल होती है।
ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीण डाक सेवकों के काम की निगरानी और विभागीय कार्यों के समन्वय में भी ओवरसियर की अहम भूमिका होती है।
