Move to Jagran APP

कुछ जगहों पर लगा जाम, बाजार पर नहीं दिखा बंद का असर

12 प्वाइंट आरक्षण रोस्टर प्रणाली के विरोध में विभिन्न दलों ने मंगलवार को भारत बंद का आह्वान किया था।

By JagranEdited By: Published: Tue, 05 Mar 2019 08:33 PM (IST)Updated: Tue, 05 Mar 2019 08:33 PM (IST)
कुछ जगहों पर लगा जाम, बाजार पर नहीं दिखा बंद का असर
कुछ जगहों पर लगा जाम, बाजार पर नहीं दिखा बंद का असर

पटना : 12 प्वाइंट आरक्षण रोस्टर प्रणाली के विरोध में विभिन्न दलों ने मंगलवार को भारत बंद का आह्वान किया था। हालांकि इसका कोई खास असर नहीं दिखा। बाजार रोज की तरह गुलजार रहा। सड़कों पर ऑटो और बसें भी सामान्य रूप से चलीं। बस कुछ प्रमुख चौराहों पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

loksabha election banner

बंद के समर्थन में दलों ने दारोगा राय पथ से जुलूस निकाला। यह वीरचंद पटेल पथ, इनकम टैक्स गोलंबर से होते हुए डाकबंगला चौराहे पर पहुंचा और वहां सभा में तब्दील हो गया। बंद के दौरान शहर के डाक बंगला समेत कुछ अन्य चौराहों पर कुछ देर तक लोग जाम की समस्या से परेशान रहे। हालांकि शहर की दुकानें सामान्य दिनों की तरह खुली रहीं।

भारत बंद के समर्थन में आरक्षण बचाओ-संविधान बचाओ मोर्चा, कॉमन एजुकेशन सिस्टम स्ट्रगल कमेटी, भारत क्रांति मोर्चा सहित आधा दर्जन से अधिक संगठन के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे थे। इसमें राष्ट्रीय अति पिछड़ा मोर्चा के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, अब-सब मोर्चा के अध्यक्ष विशुनदेव मोची, शोषित समाज पार्टी के अध्यक्ष रामप्रवेश कर रहे थे। भारत क्रांति मोर्चा के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव जितेन्द्र प्रसाद नारायण सिंह भी कार्यकर्ताओं के साथ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

विभिन्न दलों के नेता व कार्यकर्ता झंडा व बैनर के साथ पूर्वाह्न 11 बजे के करीब डाक बंगला चौराहे पर पहुंच गए। मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। डाकबंगला चौराहे पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। वहां पहले से मौजूद कोतवाली पुलिस ने भीड़ को बीच सड़क से किनारे किया। करीब एक घंटे बाद ही यातायात सामान्य हो पाया। दोपहर साढ़े बारह बजे तक चौराहे पर वाहनों का दबाव बना रहा। यही हाल आयकर गोलंबर और हड़ताली मोड़ पर था। कुछ देर तक यहां भी यातायात प्रभावित रहा। ऑटो और बसों के परिचालन पर कोई खास असर नहीं देखने को मिला।

कुछ दलों के कार्यकर्ता कारगिल चौक पर प्रदर्शन कर रहे थे। गांधी मैदान पुलिस भी वहां मौजूद रही। चालीस मिनट के प्रदर्शन से कारगिल चौक और अशोक राजपथ पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

राजीव नगर में टायर जलाकर रोका रास्ता :

सुबह करीब साढ़े दस बजे राजीव नगर रेलवे गुमटी के पास दर्जनों लोगों बांस-बल्ली लगाकर रास्ता रोक दिया। सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान दीघा-आशियाना और राजीव नगर की तरफ आने-जाने वाली गाड़ियां जाम में फंस गई। पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। इलाके की गलियों का भी यहीं हाल रहा। दोपहर करीब साढ़े बाहर बजे स्थिति सामान्य हुई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.