विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेतिया में ज्वेलरी शॉप में करोड़ों की लूट के बाद पुलिस मुख्यालय अलर्ट, सभी जिलों में शोरूम की सुरक्षा बढ़ेगी

Published: Thu, 19 Nov 2026 10:40 PM (GMT+05:30)

बेतिया में सेनको ज्वेलरी शॉप में करोड़ों की लूट के बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों में ज्वेलरी शोरूम और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया है। डीजीपी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुरक्षा समीक्षा की और चोरी-लूट के हॉटस्पॉट चिह्नित करने व शोरूम में पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने को कहा।

शोरूम में दो हथियारबंद सुरक्षाकर्मी रखने की सलाह

शोरूम में दो हथियारबंद सुरक्षाकर्मी रखने की सलाह

HighLights

  1. बेतिया लूट के बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों में सुरक्षा बढ़ाई।

  2. डीजीपी ने एसपी को शोरूम सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए।

  3. लूटकांड की साजिश जेल से रचे जाने की आशंका।

राज्य ब्यूरो, पटना। बेतिया में सेनको ज्वेलरी शॉप में करोड़ों रुपये के गहनों की लूट के बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों में ज्वेलरी शोरूम समेत महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया है। इसके लिए सभी जिलों के एसपी को थानास्तर पर शोरूम संचालकों से संवाद स्थापित कर बेहतर समन्वय बनाने को कहा गया है।

ठंड के मौसम में चोरी और डकैती की घटनाएं बढ़ने की आशंका को देखते हुए दिन के साथ रात में भी विशेष गश्ती और चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

डीजीपी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

इस संबंध में गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में डीजीपी प्रीता वर्मा और डीजी विशेष शाखा एवं एसटीएफ कुंदन कृष्णन ने सभी क्षेत्रीय आइजी-डीआइजी, एसएसपी और एसपी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की।

इसमें ज्वेलरी शोरूम समेत अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस मुख्यालय की ओर से ज्वेलरी शॉप, बैंकिंग प्रतिष्ठानों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी दोबारा जारी की गई है।

थानास्तर पर चिह्नित होंगे चोरी-लूट के हाटस्पाट

एसओपी में प्रतिष्ठान संचालकों, पुलिस-प्रशासन और निजी सुरक्षाकर्मियों के लिए अलग-अलग दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सभी जिलों को थानास्तर पर चोरी, लूट और डकैती की घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील हाटस्पाट चिह्नित करने को कहा गया है।

महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास के संवेदनशील इलाकों और आवागमन के रास्तों की भी मैपिंग करने का निर्देश दिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर इन स्थानों पर पुलिस चेकिंग की जा सके।

शोरूम में दो हथियारबंद सुरक्षाकर्मी रखने की सलाह

पुलिस मुख्यालय की ओर से प्रतिष्ठान संचालकों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की सलाह दी गई है। इसके तहत कम से कम दो हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों की नियुक्ति, डबल डोर सुरक्षा व्यवस्था और अलार्म सिस्टम लगाने को कहा गया है।

इसके अलावा शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने और उनकी नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया है। पुलिस का उद्देश्य किसी भी आपराधिक घटना की आशंका को देखते हुए पहले से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना है।

जेल से रची गई थी ज्वेलरी लूटकांड की साजिश

बेतिया के ज्वेलरी शोरूम में हुई लूट की जांच में बिहार एसटीएफ भी जुट गई है। पुलिस मुख्यालय के स्तर से भी मामले की लगातार समीक्षा की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक की जांच में लूटकांड की साजिश जेल से रचे जाने की जानकारी सामने आई है। इस वारदात में समस्तीपुर-हाजीपुर के गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।

चार से पांच आरोपितों की पहचान, तलाश में छापेमारी

पुलिस ने लूटकांड में शामिल चार से पांच लोगों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही हैं। पुलिस गिरोह के सदस्यों और वारदात की साजिश में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

यह भी पढ़ें- Bihar Crime : बेतिया में दिनदहाड़े करीब 35 करोड़ की लूट, 8 हथियारबंद बदमाशों ने गोल्ड शोरूम को बनाया निशाना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।