विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में बरात से लौट रही स्कॉर्पियो को हाइवा ने मारी टक्कर, 4 की मौत; शादी की खुशियां मातम में बदलीं

Published: Sun, 22 Nov 2026 09:00 AM (IST)

पटना के बाढ़ अनुमंडल में बारात से लौट रही स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

बाढ़ अनुमंडलीय अस्‍पताल में मायूस स्‍वजन। जागरण

बाढ़ अनुमंडलीय अस्‍पताल में मायूस स्‍वजन। जागरण

HighLights

  1. बारात से लौट रही स्कॉर्पियो को हाइवा ने टक्कर मारी।

  2. हादसे में तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत।

  3. तीन गंभीर रूप से घायल, पीएमसीएच रेफर किया गया।

संवाद सहयोगी, बाढ़। पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात से लौट रही स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मार दी।

अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनीमा पेट्रोल पंप के पास हुए इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों में चालक धीरज कुमार(26), पूनम कुमारी (27), बबली कुमारी (18) और रेणु कुमारी (18) शामिल हैं।जख्मी सत्यम कुमार 10वर्ष, सिकंदरा निवासी रितिका कुमारी 12वर्ष एवं एक अधेड़ महिला को पटना रेफर किया गया। 

बेलथान से लौट रही थी बारात

जानकारी के अनुसार, बाढ़ थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर के बेलथान गांव गई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद बाराती स्कॉर्पियो से अपने गांव लौट रहे थे।

इसी दौरान अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनीमा पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्कॉर्पियो में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से चार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

तीन घायलों को पीएमसीएच किया गया रेफर

हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।

वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया।

सूचना मिलने पर अथमलगोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है।

सिकंदरा गांव में पसरा मातम

हादसे की खबर मिलते ही सिकंदरा गांव में मातम छा गया। शादी समारोह से लौट रहे लोगों की मौत की सूचना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।