विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब थ्योरी ही नहीं, लाइव प्रोजेक्ट्स पर होगा काम; बिहार के बाढ़ पॉलिटेक्निक में NIELIT देगा प्रेक्टिकल ट्रेनिंग 

Published: Sat, 12 Sep 2026 07:37 AM (IST)

राजकीय पॉलिटेक्निक, बाढ़ और एनआईईएलआईटी, पटना ने छात्रों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण देने के लिए 5 साल का समझौता किया है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. राजकीय पॉलिटेक्निक बाढ़ और एनआईईएलआईटी पटना में समझौता।

  2. छात्रों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण मिलेगा।

  3. मशीन लर्निंग, एआई, साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर जोर।

संवाद सहयोगी, बाढ़। विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में राजकीय पॉलिटेक्निक, बाढ़ और राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईईएलआईटी), पटना के बीच शुक्रवार को महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ। 11 सितंबर 2026 को हुए इस समझौते की अवधि पांच वर्ष निर्धारित की गई है।

इससे पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को अत्याधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

एमओयू पर राजकीय पॉलिटेक्निक, बाढ़ के प्राचार्य ऋषिकेश कुमार और एनआईईएलआईटी पटना के कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) नितिन कुमार पुरी ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान संस्थान के प्रशिक्षण एवं नियोजन पदाधिकारी रानू कुमार शर्मा तथा एनआईईएलआईटी के पदाधिकारी अंकित कुमार मौजूद रहे।

समझौते का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग-उन्मुख कौशल, व्यावहारिक प्रशिक्षण और लाइव प्रोजेक्ट्स से जोड़ना है। इसके माध्यम से छात्रों को तकनीकी ज्ञान को वास्तविक कार्यक्षेत्र में इस्तेमाल करने की समझ विकसित होगी। साथ ही उनकी रोजगार क्षमता को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।

एमओयू के तहत विद्यार्थियों को मशीन लर्निंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आइओटी), क्लाउड कंप्यूटिंग और बिग डेटा जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में व्यावहारिक गतिविधियों और परियोजना आधारित सीखने पर जोर रहेगा।

संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी शिक्षा को उद्योग की बदलती जरूरतों से जोड़ने और विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार करने की दिशा में यह साझेदारी महत्वपूर्ण कदम है।

इससे छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ नई तकनीकों पर काम करने और रोजगार के बदलते अवसरों के अनुरूप अपनी दक्षता विकसित करने का मंच मिलेगा।

यह भी पढ़ें- स्नातक चुनाव में नौवीं फेल को वोट क्यों दें? भागलपुर में CM सम्राट चौधरी पर बरसे प्रशांत क‍िशोर, डॉ. एनके यादव को घेरा