स्नातक चुनाव में नौवीं फेल को वोट क्यों दें? भागलपुर में CM सम्राट चौधरी पर बरसे प्रशांत किशोर, डॉ. एनके यादव को घेरा
Prashant Kishor Bhagalpur PC: प्रशांत किशोर ने भागलपुर में कोसी स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जदयू ...और पढ़ें

Prashant Kishor Bhagalpur PC: भागलपुर में सीएम सम्राट चौधरी व जदयू पर बरसे प्रशांत किशोर, स्नातक एमएलसी चुनाव में 7वीं-9वीं फेल को वोट न देने की अपील
HighLights
प्रशांत किशोर ने CM सम्राट चौधरी और जदयू पर साधा निशाना।
शिक्षित मतदाताओं से अयोग्य उम्मीदवारों को वोट न देने की अपील।
जन सुराज सभी आठ एमएलसी सीटों पर उतारेगी प्रत्याशी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Prashant Kishor Bhagalpur PC: कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी एमएलसी चुनाव की सियासी बिसात बिछाने भागलपुर पहुंचे जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सत्तारूढ़ जदयू पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने स्नातक मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई खुद को शिक्षित और समझदार मानता है, तो वह स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में सातवीं फेल या उसके सामने खड़े नौवीं फेल उम्मीदवार को अपना प्रतिनिधि नहीं चुन सकता।
उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षित मतदाताओं के सामने आज सिर्फ जन सुराज ही एकमात्र वास्तविक विकल्प है, क्योंकि पार्टी केवल शिक्षा और रोजगार के बुनियादी मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है। जीरोमाइल स्थित सरोज वाटिका मैरिज गार्डन में प्रमंडलीय बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर आपराधिक छवि की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में केवल शिक्षा और रोजगार की वकालत करने वाले को ही जनसमर्थन मिलना चाहिए।
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र एमएलसी चुनाव की तैयारी को लेकर भागलपुर पहुंचे जन सुराज के सूत्रधार व बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जदयू पर तीखा हमला; कहा— 'पढ़ा-लिखा वोटर सातवीं या नौवीं फेल प्रत्याशी को कतई न दे वोट'
एनडीए उम्मीदवार एनके यादव को वोट न देने की अपील, पटना एनकाउंटर बयानबाजी का हवाला देकर सम्राट और एनके यादव को घेरा
2025 चुनाव में महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपये भेजने को बताया वोट की खरीद-फरोख्त; जन सुराज सभी आठ एमएलसी सीटों पर उतारेगी प्रत्याशी
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में वर्तमान एमएलसी एनके यादव को वोट न दें। प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री के पुराने बयानों की याद दिलाते हुए कहा कि जब पटना में कथित तौर पर यादवों के एनकाउंटर की बातें चल रही थीं, तब सम्राट चौधरी जाति पूछकर और गमछा देखकर गोली मारने के बयान देते थे। उस नाजुक वक्त में यादव समाज के हक में खड़े होने का दावा करने वाले एनके यादव कहां गायब थे?
जन सुराज ने दी सम्राट चौधरी को सीधी चुनौती
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की राजनीतिक कार्यशैली को यदि किसी ने खुलकर चुनौती दी है, तो वह जन सुराज और उन्होंने खुद दी है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर में जब जन सुराज ने सम्राट चौधरी की राजनीति को सीधे ललकारा, उसके बाद से ही जाति के नाम पर एनकाउंटर और विद्वेष फैलाने वाली बयानबाजी पर विराम लगा। उन्होंने कहा कि बांकीपुर में यादव समाज सहित सभी वर्गों ने जन सुराज के पक्ष में मतदान किया था। इसलिए स्नातक मतदाताओं को संकीर्ण जातिगत दीवारों से ऊपर उठकर केवल शिक्षा, रोजगार और भविष्य के मुद्दों पर वोट करना चाहिए। बिहार का राजनीतिक नैरेटिव छह माह पूर्व ही बदल चुका है और अब जनता केवल काम पर हिसाब मांग रही है।
2025 में पैसे देकर खरीदा गया था जनादेश
विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये अंतरित किए जाने पर प्रहार करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि 2025 में डेढ़ करोड़ महिलाओं के खातों में राशि नहीं भेजी जाती, तो सरकार उसी समय चुनाव हार चुकी होती। उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि 2025 में सरकारी धन का इस्तेमाल कर वोट खरीदा गया था। हालांकि, अब राज्य की महिलाएं सरकार के इस छल और सत्ता में आने के बाद की बदहाली को भली-भांति समझ चुकी हैं। अब दोबारा 10 हजार रुपये देकर भी सरकार चुनाव नहीं जीत सकती।
प्रेस वार्ता के दौरान खुद को 'बेचारा' कहे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पूरा जन सुराज ही बेचारा है, क्योंकि उनके पास जनता के बुनियादी मुद्दों के अलावा कोई दूसरा चारा या शॉर्टकट नहीं है। जब तक बिहार की दशा और दिशा में व्यापक सुधार नहीं होगा, जन सुराज का संघर्ष जारी रहेगा। वहीं बाढ़ के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार से बाढ़ मुक्ति के बड़े-बड़े दावे हवा-हवाई साबित हुए हैं और अब ये नेता सीधे 2029 में ही नजर आएंगे।
सभी आठ सीटों पर जन सुराज उतारेगी उम्मीदवार
इससे पूर्व सरोज वाटिका में आयोजित संगठनात्मक बैठक में भागलपुर, नवगछिया, बांका, जमुई, मुंगेर, लखीसराय और शेखपुरा जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की चुनावी रणनीति और जिताऊ उम्मीदवार के चयन पर गहन मंथन किया गया। जन सुराज ने विधान परिषद की सभी आठ रिक्त सीटों पर अपने मजबूत प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया है। पदाधिकारियों के अनुसार सभी क्षेत्रों में मंथन पूरा होते ही जल्द प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे।
इस बैठक में पार्टी के प्रदेश महासचिव अरविंद साह, जिलाध्यक्ष सुशील सिंह, जिला महामंत्री मो. साबिर, जोनल मीडिया प्रभारी बाबुल विवेक समेत बड़ी संख्या में प्रमंडल स्तरीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
