चिराग पासवान ने उठाई आवाज, अब हाजीपुर होकर दौड़ेगी भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बरौनी और गुजरात के भुज के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन को मंजूरी ...और पढ़ें

हाजीपुर के रास्ते अमृत भारत एक्सप्रेस चलाए जाने की घोषणा पर चिराग पासवान ने जताई खुशी। फाइल
HighLights
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रेल मंत्री का आभार जताया।
बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस को मिली परिचालन की मंजूरी।
ट्रेन बिहार, यूपी, राजस्थान, गुजरात के शहरों को जोड़ेगी।
डिजिटल डेस्क, पटना। बरौनी और गुजरात के भुज के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन को मंजूरी मिलने पर केंद्रीय मंत्री सह लोजपा (आर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।
उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर रेल मंत्री को लिखे पत्र को साझा करते हुए कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र हाजीपुर में जनसुविधा और क्षेत्रीय रेल संपर्क को मजबूत करने के आग्रह पर भुज-बरौनी के बीच नई रेल सेवा को स्वीकृति दी गई है।
चिराग पासवान ने कहा कि भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस वाया हाजीपुर के शुरू होने से हाजीपुर सहित बिहार के यात्रियों को गुजरात और देश के अन्य हिस्सों से बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
लंबी दूरी की यात्रा भी यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक होगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण रेल सेवा को मंजूरी देने के लिए रेल मंत्री का धन्यवाद किया।
2532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी ट्रेन
नई अमृत भारत एक्सप्रेस करीब 2532 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के कई महत्वपूर्ण शहरों और स्टेशनों को जोड़ेगी।
बिहार में ट्रेन बरौनी से चलकर समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और छपरा के रास्ते आगे जाएगी। इसके बाद उत्तर प्रदेश, राजस्थान होते हुए गुजरात के भुज तक पहुंचेगी।
रेलवे के निर्धारित समय के अनुसार, ट्रेन संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से शाम 5:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से रात 11:55 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी।
सप्ताह में तीन दिन होगा परिचालन
भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन सोमवार, बुधवार और शनिवार को होगा। वहीं बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी।
बरौनी से हाजीपुर के रास्ते ट्रेन समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत और लखीमपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसके बाद गोंडा और गोरखपुर समेत कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव होगा।
नई रेल सेवा से बिहार और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को एक नया विकल्प मिलेगा। साथ ही पूर्वी और पश्चिमी भारत के बीच लंबी दूरी की रेल कनेक्टिविटी को भी विस्तार मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- गुजरात से बिहार तक नई अमृत भारत एक्सप्रेस, 2532 किमी के सफर में इन शहरों से गुजरेगी ट्रेन
