बांकीपुर बस स्टैंड में बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं
आने वाले समय में झारखंड व बिहार के अन्य शहरों के लिए परिवहन निगम की बसें बांकीपुर बस अड्डे से खुलेंगी।
पटना। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के बांकीपुर बस डिपो का शनिवार को परिवहन आयुक्त संजय अग्रवाल ने निरीक्षण किया। इसकी बदहाली देख उन्होंने अधिकारियों की जमकर क्लास ली। डिपो के टिकट काउंटर के साथ ही पूरे परिसर का निरीक्षण किया। काउंटर के सामने ही बरामदे पर निजी बस के मालिकों का कब्जा देख उन्होंने अधिकारियों से बाहर काउंटर लगवाने को कहा। परिसर पान व गुटके की पीक से बुरी तरह गंदा था। उन्होंने तत्काल इसकी साफ-सफाई करने को कहा।
अधिकारियों की टीम के साथ परिवहन आयुक्त ने यात्रियों के लिए बने शौचालय का निरीक्षण किया। टॉयलेट से दुर्गध आ रही थी। उन्होंने शौचालय संचालक को इसकी नियमित सफाई कराने के निर्देश दिया। दोबारा इस तरह की हालत दिखने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। यात्रियों के बैठने के लिए बेहतर कुर्सियों व पंखे की व्यवस्था करने को कहा। डिपो परिसर में खड़ी जर्जर बसों को हटाने का निर्देश दिया। यात्रियों को शुद्ध व ठंडे पेयजल की व्यवस्था करने को कहा। परिसर में ही नाश्ता व चाय के लिए अलग से कैंटीन खोलने को कहा। यहां कम दाम पर स्वादिष्ट नाश्ता व चाय-काफी परोसने को कहा गया। इसके बाद संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि 3.26 एकड़ में बने इस डिपो का कायाकल्प शीघ्र होगा। इसके जीर्णोद्धार की कोशिश शुरू हो गई है। इस डिपो में केवल रनिंग कंडीशन की बसें ही खड़ी होंगी। यहां से पूरे बिहार ही नहीं झारखंड के लिए भी निगम की बसों का परिचालन किया जाएगा।