विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बैंकाक में गूंजा बिहार में पित्ताशय कैंसर का मुद्दा, गंगा के मैदानी इलाकों में सबसे ज्यादा मरीज; 95% ऑपरेशन के योग्य नहीं

Published: Tue, 17 Nov 2026 09:26 PM (GMT+05:30)

गंगा के मैदानी इलाकों, विशेषकर बिहार में पित्ताशय कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जहाँ अधिकांश मरीज गंभीर ...और पढ़ें

बैंकाक में बिहार के कैंसर मरीजों की स्थिति पर चर्चा

बैंकाक में बिहार के कैंसर मरीजों की स्थिति पर चर्चा

HighLights

  1. गंगा के मैदानी इलाकों में पित्ताशय कैंसर के मामले चिंताजनक रूप से अधिक।

  2. अस्पताल पहुंचने वाले केवल पांच प्रतिशत मरीज ही ऑपरेशन योग्य होते हैं।

  3. डॉ. मनीष मंडल ने बैंकाक में अंतरराष्ट्रीय मंच पर यह मुद्दा उठाया।

जागरण संवाददाता, पटना। गंगा के मैदानी इलाकों में पित्ताशय (गॉलब्लैडर) कैंसर के मामले अधिक सामने आ रहे हैं। बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में इस बीमारी का खतरा चिंता का विषय बना हुआ है। सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि अस्पताल में पहली बार पहुंचने वाले मरीजों में महज पांच प्रतिशत ही ऑपरेशन के योग्य होते हैं।

यानी अधिकांश मरीज तब अस्पताल पहुंचते हैं, जब बीमारी गंभीर अवस्था में पहुंच चुकी होती है। इस गंभीर स्वास्थ्य चुनौती को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाते हुए आइजीआइएमएस के सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी एवं लिवर ट्रांसप्लांट विभागाध्यक्ष सह चिकित्साधीक्षक डॉ. मनीष मंडल ने बैंकाक में आयोजित आइसीएस-2026 एशिया पैसिफिक फेडरेशन कांग्रेस में विशेष व्याख्यान दिया।

बैंकाक में बिहार के कैंसर मरीजों की स्थिति पर चर्चा

इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ सर्जन्स (अमेरिका) के एशिया पैसिफिक क्षेत्र के गवर्नर डॉ. मनीष मंडल सम्मेलन में अतिथि वक्ता के रूप में आमंत्रित एकमात्र भारतीय चिकित्सक थे।

उन्होंने 'पित्ताशय कैंसर : शल्य चिकित्सा प्रबंधन में भारतीय अनुभव' विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। इसमें बीमारी की गंभीरता, मरीजों की स्थिति, सर्जिकल उपचार और शुरुआती पहचान की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।

शुरुआत में हल्का दर्द, बाद में गंभीर हो जाती है बीमारी

डॉ. मंडल ने बताया कि पित्ताशय का कैंसर गंभीर और जानलेवा बीमारी है। शुरुआती दौर में पेट में हल्का दर्द और असहजता जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। कई बार मरीज इन्हें सामान्य परेशानी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। बीमारी बढ़ने पर पीलिया जैसे लक्षण भी सामने आने लगते हैं। इस वजह से समय पर पहचान नहीं हो पाती और बड़ी संख्या में मरीज गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचते हैं।

सिर्फ पांच प्रतिशत मरीज ही ऑपरेशन के योग्य

उन्होंने बताया कि अस्पताल में पहली बार पहुंचने वाले पित्ताशय कैंसर के मरीजों में केवल करीब पांच प्रतिशत ही सर्जरी के योग्य होते हैं। अधिकांश मरीजों की बीमारी इतनी आगे बढ़ चुकी होती है कि ऑपरेशन संभव नहीं रह जाता। ऐसे में बीमारी के प्रति जागरूकता, शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर चिकित्सकीय जांच बेहद जरूरी है।

भूजल, आर्सेनिक और पथरी भी बढ़ा सकते हैं खतरा

डॉ. मंडल ने अपने व्याख्यान में बीमारी के संभावित जोखिम कारकों पर भी चर्चा की। उन्होंने डब्ल्यूएचओ के 2024 के अध्ययन का हवाला देते हुए गंगा के मैदानी इलाकों में इसके अधिक मामले सामने आने की जानकारी दी।

भूजल में उर्वरकों के अंश, पर्यावरण में आर्सेनिक और अन्य भारी धातुओं की मौजूदगी, पित्त की पथरी, लंबे समय तक रहने वाली सूजन तथा खानपान और जीवनशैली से जुड़े कारकों को इसके जोखिम से जोड़ा गया। उन्होंने इस दिशा में जागरूकता और शोध की आवश्यकता पर जोर दिया।

बिहार आने का दिया अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों को न्योता

अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान डॉ. मनीष मंडल ने चीन, जापान, ताइवान, फिलीपींस, हांगकांग, सिंगापुर और मलेशिया सहित कई देशों के विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों को बिहार आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने यहां पित्ताशय कैंसर के उपचार, सर्जिकल प्रबंधन और चिकित्सा सुविधाओं को करीब से समझने का आग्रह किया।

आइजीआइएमएस के निदेशक ने दी बधाई

डॉ. मनीष मंडल की इस उपलब्धि पर बिहार स्वास्थ्य विश्वविद्यालय के कुलपति सह आइजीआइएमएस के निदेशक डॉ. बिंदे कुमार और उप निदेशक प्रशासन सह प्रवक्ता डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने उन्हें बधाई दी।

उन्होंने बिहार स्वास्थ्य विश्वविद्यालय और एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (एएसआइ) के बीच सहयोग बढ़ाने के साथ दूसरे देशों के चिकित्सा विश्वविद्यालयों से शैक्षणिक साझेदारी और छात्र विनिमय कार्यक्रम शुरू करने पर भी जोर दिया। इससे बिहार में चिकित्सा शिक्षा, शोध और विशेषज्ञता के आदान-प्रदान को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।