केले के कचरे से लाखों की कमाई, बिहार के किसानों ने खोजा रोजगार का नया फॉर्मूला; विदेशों तक पहुंच रहे उत्पाद
बिहार के खगड़िया जिले के किसानों ने केले के बेकार तनों को आय का नया स्रोत बनाया है। इससे जैविक ...और पढ़ें

केले के तने से बन रहे बैग, कपड़े और टोपी
HighLights
केले के तनों से बन रहे आकर्षक उत्पाद और जैविक खाद।
खगड़िया के किसान और 50 जीविका दीदियां कमा रहीं आय।
उत्पादों की विदेशों तक पहुंच, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा।
राज्य ब्यूरो, पटना। जिस केले के तने को किसान कभी बेकार समझकर खेतों में फेंक देते थे, आज वही उनकी कमाई का नया जरिया बन गया है। बिहार के खगड़िया जिले के किसानों ने कचरे से कमाई का ऐसा मॉडल तैयार किया है, जिसकी चर्चा अब दूसरे राज्यों तक हो रही है। केले के बेकार तनों से न सिर्फ जैविक खाद बनाई जा रही है, बल्कि कपड़े, टोपी, टोकरी, बैग, मैट और कालीन जैसे आकर्षक उत्पाद भी तैयार हो रहे हैं।
खास बात यह है कि इन उत्पादों की मांग विदेशों तक पहुंचने लगी है। इस पहल से किसानों को अतिरिक्त आमदनी हो रही है और करीब 50 जीविका दीदियां भी रोजगार से जुड़कर अपनी पहचान बना रही हैं।
जिस तने को फेंकते थे किसान, अब उसी से हो रही कमाई
खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड की बंदेहरा पंचायत ने वेस्ट-टू-वेल्थ यानी कचरे से दौलत बनाने की मिसाल पेश की है। यहां करीब 15 एकड़ जमीन पर केले की खेती होती है। पहले किसान फल काटने के बाद केले के तनों को बेकार समझकर खेतों में छोड़ देते थे या फेंक देते थे।
इससे आसपास गंदगी फैलती थी और कचरे के निस्तारण की समस्या भी बनी रहती थी। अब इसी बेकार तने को आमदनी का जरिया बना लिया गया है। लोहिया स्वच्छ भारत अभियान के तहत शुरू हुई इस पहल ने किसानों की सोच और गांव की तस्वीर बदलनी शुरू कर दी है।
केले के तने से बन रहे बैग, कपड़े और टोपी, विदेशों तक पहुंच
केले के तनों से रेशा निकालकर उससे कई तरह के पर्यावरण अनुकूल उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। इनमें वस्त्र, टोकरी, बैग, मैट, कालीन और हैंडीक्राफ्ट टोपी शामिल हैं। इन उत्पादों की खासियत यह है कि इन्हें कृषि अपशिष्ट से तैयार किया जा रहा है।
इससे एक तरफ कचरे का बेहतर इस्तेमाल हो रहा है, तो दूसरी तरफ नए उत्पादों के निर्माण से रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। इनकी मांग अब विदेशों तक पहुंचने लगी है। केला किसान सहकारी समिति के माध्यम से किसानों को उनके तनों के बदले भुगतान भी किया जा रहा है।
50 रुपये किलो बिक रही केले के तने से बनी जैविक खाद
इस कारोबार की एक और खास बात यह है कि केले के तने से रेशा निकालने के बाद बचने वाले पल्प वेस्ट को भी बेकार नहीं जाने दिया जा रहा। इससे उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद तैयार की जा रही है।
यह खाद करीब 50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रही है। केला किसान सहकारी समिति के निदेशक बृजेश कुमार के अनुसार, इस काम से करीब 50 जीविका दीदियां जुड़ी हैं। वे खाद तैयार कर आमदनी कर रही हैं। यानी केले के तने का इस्तेमाल अब रेशा और अन्य उत्पाद बनाने के साथ जैविक खाद तैयार करने में भी हो रहा है।
50 जीविका दीदियां बनीं आत्मनिर्भर, 70-80 एकड़ में जैविक खेती
इस पहल में महिलाओं की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है। करीब 50 जीविका दीदियां जैविक खाद बनाने का काम कर रही हैं। इसके साथ ही महिला समूह ने सामूहिक रूप से 70 से 80 एकड़ जमीन पर जैविक खेती भी शुरू की है।
इससे महिलाओं को रोजगार मिलने के साथ खेती में जैविक विकल्पों को बढ़ावा मिल रहा है। यह मॉडल गांव में महिला सशक्तीकरण और स्वरोजगार की नई मिसाल बन रहा है। अब महिलाएं कचरे को उपयोगी उत्पाद में बदलकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।
किसानों को कचरा बेचने पर मिल रहे पैसे, सफाई का खर्च भी बचा
लोहिया स्वच्छ भारत मिशन की जिला समन्वयक मीरा कुमारी के अनुसार, इस नवाचार से किसानों को दोहरा फायदा हो रहा है। पहले केले के तनों को हटाने और निस्तारण में परेशानी होती थी, लेकिन अब सहकारी समिति के माध्यम से उन्हें तनों के बदले उचित भुगतान मिल रहा है।
यानी जिस कचरे को हटाने में पहले खर्च करना पड़ता था, वही अब कमाई का जरिया बन गया है। इस पहल से गांव में स्वच्छता को बढ़ावा मिलने के साथ कृषि अपशिष्ट का भी बेहतर प्रबंधन हो रहा है।
ग्रामीण विकास मंत्री बोले- कचरे को कमाई में बदल रहे किसान
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने इस पहल को किसानों और जीविका दीदियों की सूझबूझ का उदाहरण बताया है। उन्होंने कहा कि किसानों और जीविका दीदियों ने साबित किया है कि सही सोच और प्रयास से कचरे को भी कमाई का जरिया बनाया जा सकता है।
सरकार वेस्ट-टू-वेल्थ की इस सोच को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। खगड़िया के बंदेहरा पंचायत का यह मॉडल अब स्वच्छता, स्वरोजगार, महिला सशक्तीकरण और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने वाली पहल के रूप में सामने आया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।