पटना के बाल गृह में दो किशोर बंदियों को 'बड़का भैया' ने पाइप से पीटा-बड़े-बड़े हैं इनके कारनामे
गायघाट स्थित बाल संप्रेषण गृह में दबंग बाल बंदी बड़का भैया ने दो साथियों के साथ मिलकर दो बाल बंदियों को पीटकर घायल कर डाला। वारदात को अंजाम बात न मानने को लेकर दिया गया।
पटना, जेएनएन। गायघाट स्थित बाल संप्रेषण गृह में दबंग बाल बंदी 'बड़का भैया' ने दो साथियों के साथ मिलकर दो बाल बंदियों को पीटकर घायल कर डाला। प्लास्टिक की पाइप से दोनों की पिटाई की गई। वारदात के बाद बाल संप्रेषण गृह में अफरातफरी मच गई। घायल किशोरों को इलाज के लिए सोमवार को श्री गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चार माह से बाल संप्रेषण गृह में रह रहा है
एसजीजीएस अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मोकामा निवासी बाल बंदी ने बताया कि वह चार माह से बाल संप्रेषण गृह में रह रहा है। सोमवार की सुबह उसकी पिटाई की गई। उसने बताया कि पिटाई का कारण दबंग बंदी बड़का भैया की बात नहीं मानना है।
कमरे में बुलाया और जमकर कर दी पिटाई
पिटाई से घायल बिहटा निवासी बाल बंदी ने बताया कि रविवार की रात उसे कमरे में बुलाकर पीटा गया। वह बीस दिन पूर्व रिमांड होम में आया है। उसने बताया कि बड़का भैया ने प्लास्टिक की पाइप से मारा। दोनों घायल किशोरों ने दबंग बाल बंदी पर आरोप लगाया है। बंदियों ने बताया कि उनके पेट, कमर, पीठ, हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों को जख्मी कर दिया गया।
गृह में हैं 55 बाल बंदी
बाल संप्रेषण गृह के अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि गृह में बाल बंदियों की संख्या 55 है। घायल बाल बंदियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर इलाज के लिए श्री गुरु गोविंद सिंह अस्पताल भेजा गया। गृह में बाल बंदियों की सुरक्षा के लिए आधा दर्जन सुरक्षाकर्मी हैं। अधीक्षक ने गृह के अंदर स्थिति सामान्य बताई है। बताया जाता है कि घटना के बाद काफी देर तक बाल संप्रेषण गृह में अफरातफरी का माहौल बना रहा। बताया जाता है कि आरोपित कैदी पहले भी मारपीट कर चुका है। बिहटा के बाल बंदी से बात न मानने को लेकर मारपीट करने की बात सामने आई है।