चलती बस में महिला से दबंगों ने की छेडख़ानी, विरोध किया तो पति को रॉड से पीटा, जानें
बिहार के सासाराम में महिला के साथ बदमाशों ने की छेड़खानी। इसका जब पति ने विरोध किया तो उनको भी दबंगों ने रॉड से पीटा। पीडि़ता ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
सासाराम, जेएनएन। दबंगों ने एक बार मानवता को शर्मसार कर दिया है। घटना बिहार के सासाराम में घटी है। जिले के नोखा थाना क्षेत्र की एक विवाहिता के साथ दबंगों ने न सिर्फ चलती बस में छेडख़ानी की, बल्कि विरोध करने पर उसके पति को रॉड से पीटा भी। गंभीर रूप से जख्मी पति का सासाराम के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। गुरुवार को महिला ने अपर पुलिस अधीक्षक को अावेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
अपर पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर पीडि़ता ने कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में करूप निवासी सुरेंद्र सिंह और ददुंदर सिंह को नामजद हैं। पीडि़ता ने आवेदन में लिखा है कि वह अपने पति के साथ मंगलवार को किसी काम से सासाराम आई थी। वहां से वह बरांव लौट रही थी। स्टैंड से बस के खुलते ही दोनों नामजद दबंग छेडख़ानी करने लगे। पति ने इसका विरोध किया, तो उन लोगों ने रॉड से उनकी पिटाई कर दी।
उन्होंने यह भी कहा कि छेड़खानी व गुंडागर्दी के दौरान महिला बीच-बचाव की कोशिश करती रही। खास बात कि बस खचाखच भरी हुई थी, लेकिन किसी भी यात्री ने दबंगों को रोकने की कोशिश नहीं की। सभी यात्री मूकदर्शक बने रहे।
इस संबंध में एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले की जांच होगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीडि़ता घटना के बाद से ही सहमी हुई हैं।