बिहार में बाढ़: NDRF की बोट पर हुआ बच्ची का जन्म
बिहार के गोपालगंज जिले में बाढ़ प्रभावितों के बीच चलाये जा रहे राहत अभियान के दरम्यान एनडीआरएफ की बोट पर एक बच्ची का जन्म हुआ। जच्चा और बच्चा दोनों स्वास्थ्य बताये जा रहे है।
पटना [जेएनएन]। बिहार के गोपालगंज जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत अभियान के दौरान एक महिला ने एनडीआरएफ की बोट पर बच्ची को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वास्थ्य बताये जा रहे है। महिला को फिर तुरंत सरकारी अस्पताल बरौली पहुंचाया गया।
बाढ़ में फंसे लोगों के बचाव में जुटी एनडीआरएफ की टीम की तत्परता से प्रसव पीडि़त महिला की जान तो बच ही गई। बोट पर ही उसकी गोद में बच्ची की किलकारी गूंज उठी।
शुक्रवार को एनडीआरएफ की टीम मोटरबोट के साथ रेस्क्यू अभियान पर निकली थी। टीम बाढ़ प्रभावित बरौली प्रखंड के रामपुर गांव पहुंची तो उसे जानकारी मिली कि महिला को प्रसव पीड़ा हो रही है।
दर्द से परेशान रामपुर गांव निवासी ब्रजेश कुमार की पत्नी मीना देवी को एनडीआरएफ की टीम ने अस्पताल पहुंचाने के लिए मोटरबोट में बैठाया। महिला जैसे ही सवार हुई उनकी प्रसव वेदना और बढ़ गई। पीड़ा बढऩे पर एनडीआरएफ की टीम ने मोटरबोट पर ही महिला का प्रसव कराने का फैसला किया।
एनडीआरएफ की महिला चिकित्सक की देखरेख में महिला ने बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के बाद टीम ने जच्चा-बच्चा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरौली में भर्ती कराया। महिला तथा बच्ची दोनों स्वस्थ हैं। एनडीआरएफ नौंवी बटालियन के कमांडेंट विजय सिन्हा ने बताया कि टीम के साथ महिला चिकित्सक और चाइल्ड बर्थ किट रहती है।