'वह कभी नहीं लौटेगा', कॉल पर अजनबी की खौफनाक आवाज! पटना में 20 साल के युवक के लापता केस में मामी अरेस्ट
मसौढ़ी से लापता 20 वर्षीय नीतीश कुमार के मामले में उसकी चचेरी मामी पूजा कुमारी को खगौल से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

युवक के लापता केस में मामी अरेस्ट
HighLights
मसौढ़ी से 20 वर्षीय नीतीश कुमार लापता, मामी गिरफ्तार।
पिता ने मामी पूजा कुमारी पर हत्या की आशंका जताई।
नीतीश का बैग, कपड़े दौलतपुर में मिले, तलाश जारी।
संवाद सहयोगी, मसौढ़ी। थाना के बीबीपुर ग्रामवासी सुधीर कुमार के बीस वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार के पिछले दिनों से लापता होने के मामले में आरोपित नीतीश की चचेरी मामी सह जहानाबाद के परसबीगहा थाना के लाखापुर ग्रामवासी अमलेश प्रसाद की पत्नी पूजा कुमारी उर्फ प्रतिमा कुमारी को पुलिस ने बीते गुरुवार की रात खगौल(पटना) से गिरफ्तार कर लिया और शुक्रवार को उसे जेल भेज दिया।
गौरतलब है कि बीते 14 अक्टूबर को सुधीर कुमार ने पूजा कुमारी पर साजिश रच अपने पुत्र नीतीश की हत्या कर देने की आशंका जताई थी।
शाम में घर लौट आने की बात कही
प्राथमिकी के मुताबिक आरोप था कि पूजा कुमारी के बुलावे पर बीते 10 अक्टूबर को नीतीश उसके मायके कादिरगंज थाना के दौलतपुर गया था। उसने अपने पिता से 13 अक्टूबर को दिन में मोबाइल से बातचीत के दौरान शाम में घर लौट आने की बात कही थी। लेकिन वह घर नहीं लौट सका।
जब रात में उन्होंने उसके मोबाइल पर संपर्क किया तो किसी अन्य व्यक्ति ने उसका मोबाइल रिसीव किया और उसने अब कभी भी नीतीश के ना लौटने की बात कही।
साजिश रच अपने पुत्र को बुलाया
इधर बीते 14 अक्टूबर को नीतीश का बैग, कपड़ा और आधार कार्ड कादिरगंज थाना के दौलतपुर से सटे मठिया पर मिला था। इसके बाद सुधीर कुमार ने पूजा कुमारी पर साजिश रच अपने पुत्र को बुला उसकी हत्या कराने का आरोप लगा प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
अगले दिन पुलिस ने गोताखोर से नीतीश की तलाश उसी जगह नदी में कराई थी। लेकिन उसका पता नहीं चल सका था। इधर नदौल ओपी पुलिस ने बीते गुरुवार की रात आरोपित पूजा कुमारी को खगौल से गिरफ्तार कर लिया।
इस बाबत पुलिस ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार पूजा कुमारी नीतीश के विषय में कुछ नहीं बता सकी। उसके बाद शुक्रवार को उसे जेल भेज दिया गया।फिलहाल नीतीश के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिलने से स्वजन परेशान हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।