पालीगंज में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, दो सिपाही घायल
थाना क्षेत्र के कुरकुरी गाव में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस -प्रशासन की टीम पर हमला।
पालीगंज। थाना क्षेत्र के कुरकुरी गाव में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस -प्रशासन की टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस घटना में सीओ समेत दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। टीम पर पत्थरबाजी की सूचना मिलते ही पालीगंज डीएसपी मनोज पाडेय ने भारी संख्या में पुलिसबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर हालात को संभाला। बताया जाता है कि शुक्रवार को कुरकुरी गाव में मुख्यमंत्री टोला संपर्क योजना के तहत सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। अतिक्रमण के कारण सड़क का निर्माण कार्य बाधित हो रहा है। सड़क का कुछ हिस्सा बाला यादव ने अतिक्रमित कर रखा था। वरीय अधिकारी के निर्देश पर पालीगंज अंचलाधिकारी राकेश कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर कुछ ग्रामीण आक्रोशित हो गए और हमला बोल दिया। वे लोग पुलिस प्रसाशन पर पत्थर फेंकने लगे। पुलिस और अधिकारियों को जान बचाकर भागना पड़ा। इस दौरान दो कर्मी अजय गिरी, चंद्रभूषण सिंह अंचल गार्ड जख्मी हो गए। इस दौरान उनलोगों ने अंचलाधिकारी को भी अपना निशाना बनाया, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। हालांकि, उनकी गाड़ी का शीशा टूट गया।
आत्मरक्षा में पुलिस ने किया लाठीचार्ज
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस -प्रशासन सक्रिय हो गया। पालीगंज डीएसपी मनोज कुमार पाडेय दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी है। वही पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में लाठीचार्ज के दौरान एक भूतपूर्व सैनिक का हाथ टूटने की खबर है। डीएसपी मनोज पाडेय के मुताबिक असमाजिक तत्वों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। वीडियो फुटेज के आधार पर चिन्हित कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।