विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 18, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अटल पथ लूटकांड: सीसीटीवी कैमरे खंगालने व पूछताछ में गुजर गए 48 घंटे, पटना पुलिस खाली हाथ

By Vyas ChandraEdited By:
Published: Thu, 18 Nov 2021 09:28 AM (GMT+05:30)

राजधानी पटना के अटल पथ पर दिनदहाड़े पूर्व मंत्री वीणा शाही के स्टाफ से 41.41 लाख लूट मामले में फुटेज ...और पढ़ें

लूट की घटना के बाद पहुंचे पुलिस अधिकारी। फाइल फोटो
लूट की घटना के बाद पहुंचे पुलिस अधिकारी। फाइल फोटो

पटना, जागरण संवाददाता। राजधानी पटना के अटल पथ पर दिनदहाड़े पूर्व मंत्री वीणा शाही के स्टाफ से 41.41 लाख लूट मामले में फुटेज खंगालने और पूछताछ में 48 घंटे गुजर चुके हैं, लेकिन अभी तक पुलिस खाली हाथ है। न्यू पाटलिपुत्र कालोनी से घटनास्थल और वहां से जिस दिशा में अपराधी भागे उधर के 122 से अधिक सीसी कैमरे पुलिस खंगाल चुकी है। स्टाफ सहित जो भी संदेह के घेरे में आ रहे हैं उनसेपूछताछ की जा रही है। अब तक 15 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। तीन लोग पुलिस की हिरासत में हैं, जिनमें से एक पर संदेह है। पुलिस सूत्रों की मानें तो तीन बाइकों पर सवार छह में से दो अपराधियों का लोकेशन न्यू बाईपास और रामकृष्णा नगर के पास मिला है। पुलिस की तीन टीम पटना से बाहर वैशाली, छपरा और मुजफ्फरपुर में दबिश दे रही है। एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि छानबीन की जा रही है। कुछ लोग संदेह के घेरे में हैं। जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी होगी और रुपये भी बरामद होंगे। 

संदिग्ध मोबाइल नंबर का लोकेशन पता कर रही पुलिस 

सूत्रों की मानें तो दो गिरोह पर पुलिस को संदेह है, जिनका कनेक्शन वैशाली और पटना से है। पुलिस को तकनीकी अनुसंधान में कुछ मोबाइल नंबर मिले हैं। वारदात के दिन और उसके पहले उन नंबरों का लोकेशन कहां-कहां था? संदिग्ध लोगों के मोबाइल का लोकेशन या उनका कोई कनेक्शन है या नहीं, इस दिशा में भी पुलिस जांच कर रही है। जिस स्टाफ से पुलिस पूछताछ की है उसका लोकेशन और मोबाइल नंबर का डिटेल पुलिस खंगाल रही है। 

कार के पीछे चल रहे दो लोग निभा रहे थे लाइनर की भूमिका

अब तक पुलिस को पुख्ता जानकारी मिल चुकी है कि वारदात में कुल छह अपराधी शामिल थे। इनके अलावा दो और के शामिल होने की पुलिस आशंका जता रही है। अपराधियों ने एक पल्सर और एक अपाचे बाइक का उपयोग किया, जबकि एक अन्य बाइकका माडल कैमरे में स्पष्ट नहीं दिखा। वहीं, कार में पीछे चल रही संदिग्ध बाइक वारदात के पहले न्यू पाटलिपुत्र कालोनी में किस दिशा से आई इसके बारे में पुलिस पता लगा रही है। पुलिस को आशंका है कि कार के पीछे चल रहे बाइक सवार दोनों संदिग्ध लाइनर की भूमिका निभाए हैं। दोनों हेलमेट पहने हैं। बाइक का नंबर भी संदिग्ध है। पुलिस उक्त बाइक के बारे में जानकारी जुटा रही है कि पहले उक्त गली में कितनी बार गई थी। 

बैग लेकर भागने वाले अपराधियों के पीछे है पुलिस 

पुलिस की एक टीम न्यू पाटलिपुत्र से घटनास्थल होते हुए अपराधी जिस दिशा में कैश से भरे बैग लेकर भागते दिख रहे हैं वहां पहुंच रही है। समय के मुताबिक फुटेज देख अपराधी के पीछे पुलिस पड़ी है। दूसरी टीम तकनीकी अनुसंधान कर संदिग्ध नंबर के लोकेशन के आधार पर कई जगह दबिश दे रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो वारदात में छह अपराधी शामिल थे, लेकिन योजना बनाने में दो अन्य लोग भी हैं। आशंका है कि घटना के बाद कैश को किसी दूसरी गाड़ी से ठिकाने तक भेजा गया है। फुटेज में अपराधी पुनाईचक और आरब्लाक के पास से अलग हो गए हैं।