गायघाट के रैन बसेरा में 50 लोगों के रहने व खाने का इंतजाम, आज महापौर व निगम आयुक्त करेंगे नयी व्यवस्था का शुभारंभ
शहर को स्वच्छता और सुंदरता की रैंकिंग में शामिल करने के लिए नगर निगम ने गतिविधियां तेज कर दी गयी हैं। ठंड से बेघरों एवं राहगीरों को सुरक्षित करने के लिए गायघाट डंका इमली गोलंबर स्थित गांधी सेतु के नीचे बने रैन बसेरा का शुभारंभ शुक्रवार को होगा।
पटना सिटी, जेएनएन। शहर को स्वच्छता और सुंदरता की रैंकिंग में शामिल करने के लिए नगर निगम के पटना सिटी और अजीमाबाद अंचल में गतिविधियां तेज कर दी गयी हैं। इस मुहिम के तहत तथा ठंड से बेघरों एवं राहगीरों को सुरक्षित करने के लिए गायघाट डंका इमली गोलंबर स्थित गांधी सेतु के नीचे बने रैन बसेरा का शुभारंभ शुक्रवार को होगा। यहां 50 लोगों के रहने एवं खाने की व्यवस्था की गयी है। कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं राजस्व पदाधिकारी रिजवान अहमद अंसारी गुरुवार को यहां सभी जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटे रहे।
आज दोपहर में होगा शुभारंभ, 50 बेड और गद्दों का इंतजाम
उन्होंने बताया कि महापौर और निगम आयुक्त इस रैन बसेरा का शुभारंभ दोपहर में करेंगे। यहां रहने वालों के लिए पचास बेड और गद्दा लगाया गया है। स्वयं सहायता ग्रुप की महिलाओं द्वारा सुबह, दोपहर एवं रात का खाना बनाया जाएगा। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि रैन बसेरा में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति को केवल तीस रुपया में एक समय का भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। रैन बसेरा में बाधा रहित बिजली आपूर्ति के लिए इंवर्टर लगाया जा रहा है। शुद्ध पेयजल के लिए आरओ लगाया गया है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाया जा रहा है। सुरक्षा कर्मी भी तैनात रहेंगे। मोबाइल चार्ज करने की व्यवस्था होगी। ठंड बढ़ने पर रैन बसेरा में रहने वालों को कंबल और ब्लोअर भी दिया जाएगा। स्वच्छता का यहां विशेष ध्यान रखा जाएगा।
चौक शिकारपुर आरओबी के नीचे बनेगा अस्थायी रैन बसेरा
कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि पटना सिटी अंचल अन्तर्गत चौक शिकारपुर स्थित आरओबी के नीचे घेराबंदी कर अस्थायी रैन बसेरा बनाया जाएगा। बेघरों एवं राहगीरों के लिए यहां भी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएगी। रहने और खाने के साथ ठंड से बचाव का इंतजाम होगा। इस सुविधा के बहाल से बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हो सकेंगे।