आरा में लोहे का एंगल घोंपकर युवक की हत्या, एक दिन पहले ही निकला था घर से, पास में मिला प्रतिबंधित सामान
भोजपुर में लोहे का एंगल घोंपकर युवक की हत्या दोस्तों पर ही शक। पेशे से किसान था मारा गया शख्स। एक दिन पहले ही निकला था घर से। शव के पास मिला प्रतिबंधित सामान। मामले की जांच में जुटी पुलिस
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र में लोहे का एंगल घोंपकर एक युवक की हत्या कर दी गई। सोमवार को सकड्डी-सोनघट्टा पथ पर सोनघट्टा से सटे होटल- ईंट - भट्ठा चिमनी के पश्चिम खेत से हत्या कर फेंका गया एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक 28 वर्षीय आर्यन राज कोईलवर के गीधा गांव निवासी सहजु ठाकुर के पुत्र थे। पेशे से किसान थे। गांव पर रहकर खेती करते थे।
उनके शरीर पर चार जगह सीन, पीठ, पंजरी और हाथ पर जख्म के निशान पाए गए हैं। मृतक के पास से नशीला पदार्थ भी मिला है। खाने- पीने के दौरान दोस्तों द्वारा घटना कारित करने की संभावना जताई जा रही है। पिता ने किसी से दुश्मनी से इंकार किया है। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल,आरा में कराया गया।
एक दिन पूर्व घर से निकला था युवक
स्वजनों ने बताया कि गीधा निवासी आर्यन राज रविवार को ही सुबह घर से निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटा तो स्वजनों ने खोजबीन शुरू की। दोस्तों से भी कोई जानकारी नहीं मिली। अनहोनी को लेकर स्वजन पूरी रात सशंकित थे। इस बीच सुबह होते-होते मनहूस सूचना मिल गई।
दूसरे दिन मिला लापता युवक का शव
इधर, सोमवार की सुबह सोनघट्टा बधार स्थित खेत में कृषि कार्य के लिए गए किसानों की नजर पेड़ और खेत के पास पड़े युवक के शव पर पड़ी। बाद में हो-हल्ला होने पर भीड़ जमा हो गई। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने शव के आसपास छानबीन की। पाकेट से नशीला पदार्थ मिला। आसपास सिरिंज भी बिखरा था। बाद में शव की पहचान लापता आर्यन राज के रूप में की गई। पिता के अनुसार उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। दोस्तों पर ही हत्या किए जाने की संभावना है।