खुली जीप, समर्थकों का हुजूम और नारेबाजी… अनुज सिंह के नामांकन से पटना में अनंत सिंह का सियासी संदेश
Anuj Singh Nomination: पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में जनसुराज उम्मीदवार अनुज सिंह ने नामांकन दाखिल किया, जिसमें जदयू ...और पढ़ें
HighLights
अनुज सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नामांकन किया।
अनंत सिंह ने खुली जीप में समर्थकों संग शक्ति प्रदर्शन किया।
यह कदम जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार के विरोध में था।
विद्या सागर, पटना। Bihar MLC Election 2026: पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में गुरुवार को नामांकन के बहाने सियासी शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। जनसुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह(Anuj Singh) ने प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय पहुंचकर नामांकन का पर्चा दाखिल किया। नामांकन से पहले वह जदयू के मोकामा विधायक अनंत सिंह(Anant Singh) के दरोगा राय पथ स्थित सरकारी आवास पहुंचे। यहां से अनंत सिंह के साथ खुली जीप में सवार होकर समर्थकों के हुजूम के साथ नामांकन के लिए निकले।
अनंत सिंह और अनुज सिंह की खुली जीप के पीछे समर्थकों का लंबा काफिला था। दरोगा राय पथ से निकला काफिला विधानसभा, आर ब्लॉक, जदयू कार्यालय, भाजपा कार्यालय होते हुए इनकम टैक्स गोलंबर पहुंचा। इसके बाद काफिला गांधी मैदान के पास स्थित प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय की ओर बढ़ा। रास्ते में समर्थकों की भीड़ और नारेबाजी से माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया।
नीतीश-निशांत-ललन के लगे नारे
काफिले के दौरान अनंत सिंह के समर्थक पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, स्वास्थ मंत्री निशांत कुमार और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के समर्थन में नारे लगाते रहे। खुली जीप में अनंत सिंह के साथ अनुज सिंह की मौजूदगी और समर्थकों की नारेबाजी ने नामांकन कार्यक्रम को सामान्य चुनावी प्रक्रिया से अलग सियासी शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।
नामांकन दाखिल करने के बाद जब अनुज सिंह आयुक्त कार्यालय से बाहर निकले तो अनंत सिंह ने उन्हें माला पहनाकर बधाई दी। दोनों नेताओं के साथ समर्थकों की भीड़ जुटी रही। इस दौरान एक बार फिर नारेबाजी होती रही।
नीरज कुमार के विरोध के बीच अनुज के साथ दिखे अनंत
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू ने वर्तमान विधान पार्षद और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, अनंत सिंह नीरज कुमार का खुलकर विरोध कर रहे हैं। ऐसे राजनीतिक माहौल में अनंत सिंह का जनसुराज उम्मीदवार अनुज सिंह के नामांकन में साथ रहना चर्चा का विषय बन गया है।
नामांकन के लिए निकले काफिले में जदयू से जुड़े नेताओं के समर्थन में लगे नारों ने भी इस घटनाक्रम को और राजनीतिक बना दिया। पटना स्नातक सीट पर मुकाबला अब केवल उम्मीदवारों के बीच चुनावी लड़ाई तक सीमित नहीं दिख रहा है, बल्कि नेताओं की सक्रियता और गोलबंदी ने भी इस चुनाव को दिलचस्प बना दिया है।
