बाहुबली MLA अनंत सिंह ने पूछताछ में ASP लिपि सिंह को बताया- कैसे हुए फरार, कहां रहे अंडरग्राउंड
एके 47 व हैंड ग्रेनेड की बरामदगी मामले में बाहुबली अनंत सिंह को रिमांड पर लेकर पुलिस ने पूछताछ की। लेकिन पुलिस उनसे कुछ भी खास उगलवाने में नाकामयाब बताई जा रही है।
पटना [जेएनएन]। पैतृक घर से एके 47 व हैंड ग्रेनेड की बरामदगी मामले में बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को रिमांड पर लेकर पटना पुलिस दो दिनों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के लिए पुलिस ने सवालों की लिस्ट तैयार की, लेकिन बताया जा रहा है कि पुलिस अनंत सिंह से कुछ खास जानकारी हासिल नहीं कर सकी। बाढ़ की एएसपी लिपि सिंह ने उनसे कई सवाल किए। अनंत सिंह ने उन्हें बताया कि वे कैसे पटना से भागे थे और फरारी के दौरान कहां-कहां रहे थे। उन्होंने अपनी संपत्ति के बारे में कहा कि ये बाप-दादा से विरासत में मिली है।
जानिए, क्या है मामला
विदित हो कि अनंत सिंह के बाढ़ (पटना) स्थित पैतृक घर से पुलिस ने एके 47 व हैंड ग्रेनेड बरामद किए थे। इसके बाद अनंत सिंह पुजिस को चकमा देकर फरार हो गए। फरारी के दौरान उन्होंने तीन वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी। उन्होंने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि एके 47 व हैंड ग्रेनेड को साजिश के तहत उनके घर में रखवा कर उन्हें फंसाया गया है। इस साजिश में जनता दल यूूनाइटेड (जेडीयू) के नेता तथा उनके दुश्मन विवेका पहलवान के साथ पुलिस भी शामिल है। इसजिए उन्हें पुलिस पर विश्वास नहीं, वे कोर्ट के समक्ष सरेंडर करेंगे।
इसके बाद अनंत सिंह ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वहां से बिहार पुलिस उन्हें पटना लेकर आई। इसके बाद उन्हें 14 दिनों की ल्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फिर पूरी तैयारी के साथ पुलिस ने बाढ़ कोर्ट से अनंत हसंह की रिमांड मांगी। कोर्ट ने पुलिस को दो दिनों की रिमांड स्वीकृत की। इसके बाद पुलिस ने दो दिनों तक रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ की।
पटना के महिला थाने में पूछताछ
पटना पुलिस ने अनंत सिंह से महिला थाने में पूछताछ की। बताया जा रहा है कि पूछताछ के लिए पुलिस ने सवालों की लिस्ट पहले ही तैयार कर रखी थी। लेकिन पुलिस अनंत सिंह सेकुछ भी खास जानकारी हासिल करने में नाकामयाब रही। अनंत सिंह के वकील ने बताया कि पूछताछ के दौरान अनंत सिंह ने वही पुरानी बातें कही हैं, जाे वे पहले से कहते आ रहे थे। पूछताछ ग्रामीण एसपी कांतेश कुमार मिश्र व बाढ़ की एएसपी लिपि सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने की।
बताया जा रहा है कि अनंत सिंह से उनके अंडरवर्ल्ड कनेक्शन से लेकर हथियारों की तस्करी से जुड़े लोगों के बारे में सवाल पूछे गए। उनसे उनके घर से बरामद एके 47 व हैंड ग्रेनेड आदि के बारे में भी जानकारी हासिल करने की कोशिश की जाती रही।
अनंत सिंह से शनिवार व रविवार को एएसपी लिपि सिंह ने कैमरे के सामने गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आमने-सामने दो कुर्सियों पर लिपि सिंह व अनंत सिंह बैठे। बताया जा रहा है कि इस दौरान लिपि सिंह ने 40 सवाल किए, जिनमें आधे से ज्यादा को अनंत सिंह या तो टाल गए या गोल-मटोल जवाब दिया।
लिपि सिंह को बताया, कैसे हुए फरार, कहां रहे अंडरग्राउंड
पूछताछ के दौरान अनंत सिंह ने लिपि सिंह को बताया कि फरारी के दौरान वे दिल्ली, फिर देहरादून और फिर वहां से वापस आकर बेटी-दामाद के पास रहे। लेकिन पटना से कैसे फरार हुए, इस संबंध में कुछ भी खास नहीं बताया। कहा कि एक कार घर के पास लगी और वे बैठकर चल दिए। रास्ते में लाइन होटल में खाना खाए अौर वहीं वीडियो बनाया।
बरामद एके 47 व हैंड ग्रेनेड की जानकारी से इनकार
पूछताछ के दौरान अनंत सिंह ने घर से बरामद एके 47 व हैंड ग्रेनेड की जानकारी तक से इनकार किया। कहा कि जहां से ये मिले हैं, वहां वे 14 साल से नहीं गए हैं। वह घर बंद रहता है। अनंत सिंह कुछ दिनों पहले वायरल हुए उस वीडियो की जानकारी से भी इनकार किया, जिसमें कथित तौर पर वे अपने विरोधी भाेला सिंह की हत्या की सुपारी देते सुने गए थे।
कहा: विरासत में मिली बाप-दादा की अर्जित संपत्ति
अनंत सिंह ने अपनी संपत्ति व व्यवसाय को लेकर भी गोल-मटोल जवाब दिए। उन्होंने कहा कि 'बाप-दादा की अर्जित संपत्ति विरासत में मिली है तथा व्यवसाय उनके स्टाफ व अपने लोग देखते हैं।
पटना में पूर्व वार्ड पार्षद को दिन-दहाड़े भूना, सड़क पर उतरे लोगों ने पूछा- क्या यही है कानून व्यवस्था
बिहार में दो NDA नेताओं की हत्या: समस्तीपुर में JDU तो सिवान में LJP नेता को भून डाला