पीली साड़ी और नाक तक सिंदूर: तिलक की रस्मों के बीच अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की सादगी ने जीता सबका दिल
Anant Singh Daughter Tilak: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह के तिलकोत्सव में शाही ठाठ-बाट देखने को मिला। अनंत सिंह की बेटी की सादगी ने इस दौरान सबका दिला जीता।

तिलक के दौरान पीली साड़ी में शिवांगी सिंह। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी का शाही तिलकोत्सव।
दामाद को तीन करोड़ की लैंड रोवर डिफेंडर भेंट की।
समारोह में मंत्री, विधायक और भोजपुरी गायक शामिल हुए।
संवाद सूत्र, खगौल। मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह के तिलकोत्सव में शुक्रवार को शाही ठाठ-बाट देखने को मिला।
दानापुर के सगुना मोड़-खगौल रोड स्थित द ऑर्गेनो रिसॉर्ट में आयोजित समारोह में शामिल होने के लिए सुबह से ही मेहमानों का पहुंचना शुरू हो गया था।
शाम चार बजे के बाद रिसॉर्ट के बाहर लग्जरी गाड़ियों का काफिला थमने का नाम नहीं ले रहा था। देर रात तक सैकड़ों गाड़ियों का आना-जाना लगा रहा।
समारोह में कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। तिलकोत्सव की शुरुआत बाढ़ के नदवां (लदमा) स्थित अनंत सिंह के पैतृक आवास पर पारंपरिक रस्मों के साथ हुई।
पीली साड़ी पहनी थीं शिवांगी सिंह
उनकी पत्नी नीलम देवी और परिवार की महिलाओं ने मांगलिक गीतों के बीच तिलक-चुमावन की रस्म निभाई। शिवांगी की तिलक की कुछ झलकियां वायरल हुई हैं।
इन तस्वीरों में शिवांगी पारंपरिक बिहारी दुल्हन के रूप में बेहद खूबसूरत लग रही हैं। उन्होंने सरसों के पीले (मस्टर्ड यलो) रंग की साड़ी के साथ सिर पर चुनरी ओढ़ी है और बिहार के लोक रीति-रिवाजों के मुताबिक नाक तक सिंदूर सजाया है।
इसके बाद अनंत सिंह अपने दोनों बेटों कर्मवीर सिंह और अभिषेक सिंह तथा समर्थकों के साथ सैकड़ों गाड़ियों के काफिले में दानापुर पहुंचे।
समधी ने किया स्वागत
रिसॉर्ट में वर पक्ष की ओर से समधी रणविजय कुमार और परिजनों ने उनका स्वागत किया। समारोह का सबसे खास आकर्षण होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित को करीब तीन करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर कार उपहार में देना रहा। अनंत सिंह ने मंच पर ही दामाद को कार की चाबी सौंपी।
गुंजन सिंह और शालिनी के गानों पर झूमे मेहमान
वहीं भोजपुरी गायक गुंजन सिंह और शालिनी क्वीन ने अपनी प्रस्तुतियों से समारोह में रंग जमाया। मेहमानों के लिए शुद्ध शाकाहारी व्यंजनों की विशेष व्यवस्था की गई थी।
लिट्टी-चोखा से लेकर बंगाली मिठाइयों तक की रही धूम
लिट्टी-चोखा से लेकर बंगाली मिठाइयों तक के स्टॉल लगाए गए थे। वहीं करीब एक हजार किलो शुद्ध घी के लड्डू तैयार कराए गए थे। भीड़ को देखते हुए रिसॉर्ट के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अब 25 नवंबर को बिहटा से बारात अनंत सिंह के पैतृक गांव के लिए रवाना होगी।