राजगीर का वीडियो देख बिहार पर फिदा हुए आनंद महिंद्रा, गिनाईं राज्य की खूबियां; संजय झा ने की नीतीश की चर्चा
राजगीर का एक वीडियो देखकर उद्योगपति आनंद महिंद्रा बिहार की ऐतिहासिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं से प्रभावित हुए हैं। ...और पढ़ें

आनंद महिंद्रा ने एक्स पर साझा किया वीडियो। वीडियो ग्रैब
HighLights
आनंद महिंद्रा राजगीर की ऐतिहासिक विरासत से प्रभावित।
उन्होंने बिहार के पर्यटन की अपार संभावनाएं बताईं।
संजय झा ने नीतीश कुमार के विकास कार्यों को सराहा।
डिजिटल डेस्क, पटना। राजगीर का एक वीडियो देखकर प्रसिद्ध उद्योगपति आनंद महिंद्रा बिहार की ऐतिहासिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं से प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि इतिहास, संस्कृति, आध्यात्मिकता और प्राकृतिक सुंदरता का ऐसा संगम कम ही देखने को मिलता है।
उनके इस पोस्ट पर जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने रिप्लाई किया है। राजगीर के विकास में नीतीश कुमार के योगदान की चर्चा उन्होंने की है।
आनंद महिंंद्रा ने लिखा, प्रमुख तीर्थ स्थलों से आगे बिहार को पर्यटन स्थल के रूप में अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाई है। राजगीर के बारे में उन्हें थोड़ी-बहुत जानकारी थी।
लेकिन कभी इसे पर्यटन स्थल के रूप में देखने का विचार नहीं आया था। वीडियो देखने के बाद जब उन्होंने इसके इतिहास के बारे में पढ़ा तो यह अनुभव काफी रोचक रहा।
2500 साल पहले मगध की राजधानी था राजगीर
आनंद महिंद्रा ने बताया कि 2500 वर्ष से भी पहले राजगीर मगध की राजधानी था। भगवान बुद्ध और महावीर ने भी यहां समय बिताया था।
कभी यह शहर करीब 40 किलोमीटर लंबी पत्थर की दीवार से घिरा था, जिसका निर्माण बिना गारे के किया गया था।उन्होंने राजगीर के ग्लास स्काईवॉक, रोपवे, पहाड़ियों और प्राचीन स्मारकों का भी उल्लेख किया।
इसके साथ ही बिहार की दूसरी ऐतिहासिक धरोहरों की ओर ध्यान दिलाते हुए बोधगया, नालंदा, वैशाली और पाटलिपुत्र का जिक्र किया।
उन्होंने बोधगया को भगवान बुद्ध की ज्ञान प्राप्ति की भूमि, नालंदा को प्राचीन दुनिया के प्रमुख शिक्षा केंद्रों में से एक और वैशाली को शुरुआती गणतांत्रिक व्यवस्थाओं से जुड़ा स्थल बताया।
पाटलिपुत्र का उल्लेख उन्होंने सम्राट अशोक के मौर्य साम्राज्य की राजधानी के रूप में किया। आनंद महिंद्रा के अनुसार, बिहार की इस समृद्ध विरासत और प्राकृतिक आकर्षणों को दुनिया के सामने बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने की जरूरत है। राज्य में पर्यटन की संभावनाएं अपार हैं।
संजय झा ने ग्लास स्काईवॉक को बताया नीतीश की पहल
आनंद महिंद्रा के पोस्ट पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आभार जताते हुए राजगीर के ग्लास स्काईवॉक को राज्य के पर्यटन परिदृश्य का खास आकर्षण बताया।
संजय झा ने कहा कि जमीन से करीब 250 फीट की ऊंचाई पर बना यह ग्लास ब्रिज राजगीर की पहाड़ियों के बीच पर्यटकों को रोमांचक अनुभव देता है।
इसे उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार के कार्यकाल में उनकी दूरदर्शिता और पहल का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सस्पेंशन ब्रिज, एडवेंचर गतिविधियों और नेचर सफारी ने राजगीर को नई पहचान दी है।
इन सुविधाओं ने इसकी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत के साथ आधुनिक पर्यटन अनुभवों को भी जोड़ा है। संजय झा ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर्यटन विकास की इस गति को आगे बढ़ा रहे हैं। बिहार में देखने और खोजने के लिए अभी बहुत कुछ है।