अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ मोर्चा, अब JDU के वरिष्ठ नेता से मिलने पहुंचे अनंत सिंह
बिहार विधान परिषद चुनाव में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोले मोकामा विधायक अनंत सिंह ने वरिष्ठ जदयू नेता वशिष्ठ नारायण सिंह से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

आईजीआईएमएस में वशिष्ठ नारायण सिंह से मिलने पहुंचे अनंत सिंह। सौ-एक्स
HighLights
जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ अनंत सिंह का खुला प्रचार।
वरिष्ठ जदयू नेता वशिष्ठ नारायण सिंह से अस्पताल में मिले।
नीरज कुमार की बीमारी को पहले 'ड्रामा' करार दिया था।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधान परिषद चुनाव में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले मोकामा विधायक अनंत सिंह का पार्टी के दूसरे नेताओं के प्रति रुख नरम नजर आ रहा है।
नीरज कुमार को हराने का दावा कर रहे अनंत सिंह बुधवार को जदयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह की तबीयत का हाल जानने इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) पहुंचे।
अनंत सिंह ने इसकी जानकारी अपने एक्स हैंडल पर साझा की। उन्होंने लिखा कि पटना स्थित IGIMS पहुंचकर जदयू के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य वशिष्ठ नारायण सिंह से मुलाकात की।
उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। उन्होंने ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने और स्वस्थ जीवन व्यतीत करने की प्रार्थना भी की।

नीरज कुमार के खिलाफ लगातार हमलावर हैं अनंत सिंह
विधान परिषद चुनाव में अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी और मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर प्रचार कर रहे हैं। वह लगातार बयान देकर उन्हें हराने की बात कह रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने अनुज कुमार का समर्थन करते हुए उनकी जीत का दावा किया है। उनके इस रुख से पार्टी की असहजता भी सामने आई है।
अनंत सिंह का यह विरोध ऐसे समय में जारी है, जब 23 अक्टूबर को विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की चार-चार सीटों के लिए मतदान होना है। नीरज कुमार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के प्रत्याशी हैं।
नीरज कुमार की बीमारी को बताया था ड्रामा
दो दिन पहले नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई नेता उनका हाल जानने पहुंचे थे।
हालांकि, अनंत सिंह ने नीरज कुमार की बीमारी को ड्रामा करार दिया था। नीरज कुमार के प्रति लगातार आक्रामक रुख अपनाने के बीच वशिष्ठ नारायण सिंह से मुलाकात को लेकर अनंत सिंह की राजनीतिक गतिविधियां चर्चा में हैं।
एक ओर वह अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ चुनावी मोर्चा संभाले हुए हैं, तो दूसरी ओर पार्टी के वरिष्ठ नेता के स्वास्थ्य की जानकारी लेने अस्पताल पहुंचे हैं।
यह भी पढ़ें- नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने पर मेदांता पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी, अनंत सिंह ने बीमारी को बताया ड्रामा
