छठी मैया की भक्ति में डूबीं भोजपुरी क्वीन अक्षरा सिंह, सम्राट से नीतीश और लालू तक को भेजा न्योता
भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह इस बार भी छठ महापर्व बिहार में मना रही हैं। उन्होंने गंगा स्नान कर नहाय-खाय की ...और पढ़ें

नहाय-खाय का प्रसाद तैयार करतीं अक्षरा सिंह। सौ-एक्स
HighLights
अक्षरा सिंह बिहार में मना रही हैं छठ महापर्व।
मुख्यमंत्री, नीतीश कुमार, लालू प्रसाद को भेजा न्योता।
छठ के माध्यम से लोक संस्कृति को मिलेगा मंच।
डिजिटल डेस्क, पटना। भोजपुरी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह छठ महापर्व को लेकर इन दिनों बिहार में हैं। हर साल की तरह इस बार भी उन्होंने मुंबई के बजाय बिहार में छठ मनाने का फैसला किया है।
शुक्रवार को उन्होंने गंगा में स्नान किया और इसके बाद नहाय-खाय का प्रसाद खुद तैयार करने में जुट गईं। छठ की तैयारियों से जुड़ी उनकी तस्वीरें भी सामने आई हैं।
अक्षरा सिंह के लिए छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि बिहार की लोक आस्था और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा पर्व है।
काम के सिलसिले में मुंबई में रहने के बावजूद वह हर साल इस महापर्व को बिहार में मनाने की इच्छा रखती हैं। इस बार भी वह पूरे विधि-विधान से छठ कर रही हैं।
CM सम्राट, नीतीश और नितिन नवीन को दिया छठ का न्योता
अक्षरा सिंह ने पटना में छठ आयोजन को लेकर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, चिराग पासवान, लालू प्रसाद और मंत्री निशांत कुमार को न्योता भेजा है।
इसके अलावा मोकामा विधायक अनंत सिंह, मैथिली ठाकुर समेत कई अन्य लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। अक्षरा ने सभी से छठ का प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।
उनका प्रयास है कि इस आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों की भागीदारी हो और छठ की परंपरा को व्यापक मंच मिले।

छठ के पारंपरिक गीतों और लोक संस्कृति को मिलेगा मंच
अक्षरा सिंह का कहना है कि छठ बिहार की आस्था और संस्कृति का प्रमुख प्रतीक है। इस महापर्व की पहचान केवल बिहार तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर में इसकी अलग पहचान है।
वह चाहती हैं कि छठ की परंपराओं, लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत को देशभर में और व्यापक पहचान मिले। इसी उद्देश्य से छठ आयोजन के माध्यम से पारंपरिक गीतों और लोक संस्कृति को मंच देने की तैयारी की जा रही है।
छठ के गीतों की लोकप्रियता और बिहार से बाहर रहने वाले लोगों का इस पर्व से जुड़ाव भी इस आयोजन का अहम हिस्सा है।
नेताओं से मुलाकात के बाद राजनीति में आने की चर्चा
अक्षरा सिंह की हाल के दिनों में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकात हुई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, नितिन नवीन, संजय झा और अनंत सिंह से उनकी मुलाकात के बाद उनके राजनीति में आने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।
हालांकि, अक्षरा सिंह ने अभी तक किसी राजनीतिक दल में शामिल होने या राजनीति में औपचारिक प्रवेश को लेकर कोई घोषणा नहीं की है। फिलहाल उनका ध्यान छठ महापर्व और पटना में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों पर है।