Move to Jagran APP

मौसम की पहली करवट से ही धड़ाम हो गई हवाई सेवा

मौसम की पहली करवट से ही बुधवार को हवाई सेवा धड़ाम हो गई। पहले दिन जेट एयरवेज की कोलकाता-पटना फ्लाइट रद्द कर दी गई। इस फ्लाइट से कोलकाता जाने वाले यात्रियों ने स्थानीय जयप्रकाश नारायण एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया।

By Amit AlokEdited By: Published: Thu, 19 Nov 2015 07:59 AM (IST)Updated: Thu, 19 Nov 2015 08:05 AM (IST)
मौसम की पहली करवट से ही धड़ाम हो गई हवाई सेवा

पटना। मौसम की पहली करवट से ही बुधवार को हवाई सेवा धड़ाम हो गई। पहले दिन जेट एयरवेज की कोलकाता-पटना फ्लाइट रद्द कर दी गई। इस फ्लाइट से कोलकाता जाने वाले यात्रियों ने स्थानीय जयप्रकाश नारायण एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया। जेट एयरवेज के अधिकारी मौसम में खराबी का हवाला दे यात्रियों को शांत करने का प्रयास करते रहे।

loksabha election banner

समय में बदलाव की तैयारी शुरू

विमान कंपनियों के अनुसार, अब फ्लाइट्स के समय में बदलाव किया जाएगा। मौसम में बदलाव का इंतजार हो रहा था। इस वजह से अब तक पूर्व निर्धारित समय पर फ्लाइट उड़ान भर रही थीं।

इंडिगो, एयर इंडिया, गो-एयरवेज और जेट एयरवेज कोहरे को देखते हुए फ्लाइट्स के समय में बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यालय से समय में बदलाव का प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है। इंतजार हो रहा था कि कोहरा पडऩे लगेगा तो समय में बदलाव कर दिया जायेगा।

एयर इंडिया की फ्लाइट के समय में एक दिसंबर से बदलाव किया जा सकता है। पटना-दिल्ली के बीच उड़ान भर रही तीन फ्लाइट में से एक को कोहरा रहने तक स्थगित किया जा सकता है।

विमान कंपनियां मानकर चलती हैं कि फरवरी माह तक कोहरे से परिचालन प्रभावित हो सकता है। सुबह आठ बजे तक 700 विजिबिलिटी थी। इस वजह से फ्लाइट की लैंडिंग संभव नहीं थी, इसलिए जेट एयरवेज ने अपनी फ्लाइट को रद्द कर दी।

कनेक्टिंग फ्लाइट नहीं पकड़ सके

फ्लाइट रद्द होने से रोहित वर्मा और शिखा वर्मा जैसे 80 यात्री यात्रा से वंचित हो गए। दोनों को पटना से वाया कोलकाता होते चेन्नई पहुंचना था। मंगलवार दोपहर 2:20 बजे कोलकाता से फ्लाइट थी।

वे दोनों जेट एयरवेज की सुबह आठ बजे आने वाली फ्लाइट से कोलकाता जाने वाले थे। पटना से कोलकाता की फ्लाइट रद्द होने से उनका कोलकाता से चेन्नई का किराया वापस नहीं हो सका। बताने लगे 26 हजार रुपये का टिकट पानी में बह गया। वर्मा मजबूरी में पटना से दिल्ली होते हुए चेन्नई के लिए रवाना हुए। उन्हें तिरुपति जाना जरूरी था।

छाया रहा कोहरा, दो डिग्री गिरा तापमान

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एके सेन का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण पूरे उत्तरी भारत में कोहरे की स्थिति है। बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तर प्रदेश की हवा में काफी नमी है।

पछुआ हवा नमी से मिलकर कोहरा पैदा कर रही है। कम दबाव का क्षेत्र गुरुवार को कमजोर होने की उम्मीद है। उसके बाद नमी का आना कम हो जाएगा। साथ ही पछुआ हवा कोहरे को मैदानी भाग से हटा देगी।

इसका असर गुरुवार शाम से राजधानी में दिखने लगेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है गुरुवार सुबह में राजधानी एवं आसपास के इलाके में कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।

राजधानी का पारा गिरा

राजधानी के पारे में दो डिग्री सेल्सियस का गिरावट दर्ज किया गया। मंगलवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान गिरकर 29 डिग्री सेल्सियस पर चला गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पारा में गिरावट आने के कारण ही लोगों को ठंड महसूस हो रहा है।

बिना सूर्य दर्शन के दिया अर्घ्य

गंगा के घाटों पर भगवान भास्कर को अर्घ्य देने पहुंचे व्रतियों को बुधवार को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। सुबह में व्रती पांच बजे ही घाटों पर अर्घ्य देने के लिए पहुंच चुके थे। पूर्व निर्धारित समय के अनुसार 6.08 बजे सूर्योदय होना था। लेकिन सात बजे तक सूर्य की लालिमा नहीं दिखाई दी, तो व्रतियों ने अर्घ्य देना आरंभ कर दिया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.