एम्स पटना का होगा विस्तार: नए सुपर-स्पेशियलिटी ब्लॉक के लिए सरकार देगी 26.76 एकड़ जमीन, 3.49 अरब होंगे खर्च
पटना एम्स के विस्तार के लिए राज्य सरकार ने दानापुर के भुसौला गांव में 26.76 एकड़ भूमि अधिग्रहण को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है।

पटना एम्स। (जागरण)
HighLights
एम्स पटना के लिए 26.76 एकड़ भूमि स्वीकृत।
भूमि अधिग्रहण पर 3.49 अरब रुपये होंगे खर्च।
सुपर-स्पेशियलिटी ब्लॉक, चक्षु केंद्र का होगा निर्माण।
राज्य ब्यूरो, पटना। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, पटना (एम्स, पटना) को नए भवनों के निर्माण के लिए राज्य सरकार की ओर से 26.76 एकड़ भूमि दिए जाने का निर्णय हो चुका है।
यह भूमि दानापुर थाना क्षेत्र के भुसौला गांव में चिह्नित हुई है। कुल तीन अरब 48 करोड़ 89 लाख 98 हजार 270 रुपये खर्च कर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है।
बहरहाल भूमि अधिग्रहण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई। यथाशीघ्र अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी और निर्धारित प्रविधानों के अनुसार भू-स्वामियों को मुआवजा का भुगतान किया जाएगा।
एम्स, पटना के कार्यपालक निदेशक से सरकार से भूमि की मांग की थी। उन्होंने बताया था कि एम्स में मरीजों की संख्या दिन-प्रति-दिन बढ़ रही।
ऐसे में सुपर-स्पेशियलिटी ब्लॉक, चक्षु केंद्र आदि की स्थापना और उनके लिए अलग भवन का निर्माण आवश्यक हो गया है। इसके अलावा अन्य अनुषंगी सेवाओं के विस्तार के लिए भी कई भवनों का निर्माण करना होगा।
इस उद्देश्य से 27 एकड़ भूमि चाहिए। नए भवनों का निर्माण और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो जाने के बाद कई रोगों से ग्रस्त मरीजों का एक ही केंद्र पर उच्च-स्तरीय उपचार संभव होगा।
एम्स के इस आग्रह पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अविलंब संज्ञान लिया और निर्देश दिया कि एम्स को यथाशीघ्र भूमि उपलब्ध कराई जाए।
यह भी पढ़ें- पटना एम्स में एंजियोग्राफी मशीन खराब, संकट में 40 हार्ट पेशेंट की जान
