विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अग्निवीर भर्ती के पहले दिन सारण के 550 से अधिक अभ्यर्थियों ने लगाई दौड़

Published: Wed, 23 Sep 2026 12:38 PM (IST)

दानापुर में अग्निवीर भर्ती रैली कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई, जिसमें सारण जिले के 550 से अधिक अभ्यर्थियों ने जीडी पद के लिए दौड़ लगाई।

अग्निवीर जीडी भर्ती में भाग लेते युवा। फोटो जागरण

अग्निवीर जीडी भर्ती में भाग लेते युवा। फोटो जागरण

HighLights

  1. कड़ी सुरक्षा और कुशल व्यवस्था के बीच अग्निवीर भर्ती रैली शुरू।

  2. सारण जिले के 550 से अधिक अभ्यर्थियों ने दौड़ में भाग लिया।

  3. भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता हेतु सीसीटीवी कैमरे लगाए गए।

संवाद सहयोगी, दानापुर। अग्निवीर भर्ती रैली मंगलवार से कड़ी सुरक्षा और कुशल व्यवस्था के बीच शुरू हुई। अभ्यर्थी सोमवार की रात से ही निर्धारित तुरहा टोली स्थित कैंप में पहुंचने लगे।

प्रवेश द्वार से अभ्यर्थियों को रात करीब 1:30 बजे से प्रवेश दिया गया। सारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 750 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन 550 से अधिक अभ्यर्थी अग्निवीर जीडी पद के लिए आयोजित रैली में पहुंचे।

दौड़ की प्रक्रिया सुबह 3:00 बजे शुरू हुई। अभ्यर्थियों के सात बैच बनाए गए, जिसमें प्रत्येक बैच में 82 अभ्यर्थी शामिल थे। दौड़ के दौरान मढ़ौरा के मुबारकपुर निवासी मनीष कुमार गिरकर जख्मी हो गए।

उन्हें भर्ती स्थल पर तैनात मेडिकल टीम ने अनुमंडलीय अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जयप्रकाश नारायण अस्पताल रेफर किया गया।

चांदमारी स्थित के एल पी मैदान के पानी से गीला होने के कारण इस बार 1600 मीटर की दौड़ सड़क पर कराई गई। अभ्यर्थियों को पहले से ही जूते पहनकर आने के लिए कहा गया था।

भर्ती प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। भर्ती निदेशक बिंदु अग्रिहोत्री ने बताया कि सारण जिले के करीब 750 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 550 से अधिक ने दौड़ में भाग लिया।

दौड़ में करीब 85 से 90% अभ्यर्थी सफल रहे, जिन्हें अगले चरण में शामिल किया गया। सफल अभ्यर्थियों को लान्ग जंप, बीम और शारीरिक मापदंड प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। इसके बाद उनके शैक्षणिक दस्तावेजों की भी जांच की गई।

भर्ती निदेशक ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को स्वच्छ और पारदर्शी तरीके से पूरा कराने के लिए सैन्य अधिकारी को पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया है। उनकी निगरानी में भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है।

भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। उन्होंने युवाओं को दलालों से सावधान रहने की सलाह दी और अभ्यर्थियों से जूते पहनकर दौड़ में शामिल होने की अपील की। बुधवार को अग्निवीर जीडी भर्ती के लिए भोजपुरी के अभ्यर्थी शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें- बिहार के मरीजों के लिए बड़ी राहत, LNJP की नई बिल्डिंग में OPD सेवा शुरू