यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 16, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Agneepath Scheme Protest: बिहार में दिनभर बाधित रहा ट्रेनों का परिचालन, जहां-तहां रुकी रहीं जनशताब्दी, आम्रपाली समेत कई ट्रेनें
Agneepath Scheme Protest बिहार में अग्निपथ योजना के विरोध का स्तर व्यापक होता जा रहा है। जगह-जगह छात्रों ने सड़क ...और पढ़ें

पटना, जागरण टीम। अग्निपथ योजना के विरोध का व्यापक असर ट्रेनों के आवागमन पर पड़ा है। कई ट्रेनें जगह-जगह रुकी रही। सुरक्षा के दृष्टिकोण से ट्रेनों को छोटी-बड़ी स्टेशनोंं पर रोका गया। इससे यात्रियों को काफी मुसीबतोंं का सामना करना पड़ । पूर्व मध्य रेलवे की ओर से बताया गया है कि दानापुर-डीडीयू रेलखंड पर करीब चार घंटे परिचालन बाधित रहा। बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया रेलखंड पर सुबह 8.230 से, पटना गया रेलखंड पर 11.30 से, मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर 11.08 बजे से, समस्तीपुर-बरौनी रेलखंड पर 9.27 से, बरौनी-कटिहार रेलखंड पर 10.20 से एवं डीडीयू-मानपुर के बीच 10.30 बजे से ट्रेनें प्रभावित रहीं।
यह भी पढ़ें: चीन ने भारत को चौपट करने के लिए रची यह साजिश, नेपाल इस तरह हो रहा इस्तेमाल
भीषण गर्मी में परेशान रहे रेलयात्री
जानकारी के अनुसार आम्रपाली एक्सप्रेस (15707), लिच्छवी एक्सप्रेस (14005), हावड़ा-गया एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें काफी देर से अलग-अलग जगहों पर खड़ी रहीं। पटना-गया रेलखंड के नदौल स्टेशन पर 12365 अप जनशताब्दी एक्सप्रेस व 03337 अप मेमू ट्रेन तारेगना स्टेशन पर सुबह से खड़ी थी। 19038 अप अवध (बांद्रा) एक्सप्रेस बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन से पहले आउटर सिग्नल के पास खड़ी की गई। 13022 अप मिथिला एक्सप्रेस सेमरा स्टेशन पर डिटेन की गई थी। 12558 डाउन सप्तक्रांति एक्सप्रेस सुगौली स्टेशन पर खड़ी रही। जबकि 12557 अप सप्तक्रांति एक्सप्रेस को रेलखंड बाधित होने की वजह से अभी मुजफ्फरपुर में ही डिटेन किया गया।
सिवान में खड़ी रही लंबी दूरी की कई ट्रेनें
सिवान के पचरुखी स्टेशन पर आम्रपाली एक्सप्रेस, दारौंदा जंक्शन पर लिच्छवी एक्सप्रेस, बंसतपुर में छपरा से थावे जाने वाली सवारी गाड़ी (05163) खड़ी रही । इसके अलावा चैनवा स्टेशन पर भी गाड़ी रोकी गई थी। इस कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। भागलपुर स्टेशन पर इंटरसिटी सहित कई ट्रेनों को रोका गया। किउल- गया रेलखंड पर सुबह करीब साढ़े छह बजे से ट्रेनों का परिचालन बंद था । हावड़ा- गया एक्सप्रेस घंटों से वारसलीगंज स्टेशन पर खड़ी रही। पैसेंजर ट्रेनें भी जगह-जगह रुकी थी।
किउल-गया रेलखंड पर सुबह से नहीं हुआ परिचालन
नवादा में किउल- गया रेलखंड पर सुबह से किसी भी ट्रेनों का परिचालन नहीं हुआ। रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन और आगजनी की वजह से 05404 गया- रामपुर हाट पैसेंजर ट्रेन सुबह 8:00 बजे नवादा से होकर गुजरनी थी। यह ट्रेन सुबह 7:00 बजे से ही तिलैया स्टेशन पर खड़ी थी। इसी तरह से 13023 हावड़ा- गया एक्सप्रेस सुबह 9:00 बजे नवादा स्टेशन से गुजरनी थी। यह ट्रेन सुबह 8:30 बजे से वारसलीगंज स्टेशन पर खड़ी रही। इसी तरह से दो मालगाड़ी ट्रेन अभी तिलैया और पैमार स्टेशन पर करीब तीन घंटे से खड़ी थी । इधर, गया से होकर हावड़ा के लिए जाने वाली गया हावड़ा एक्सप्रेस जो 1:35 पर नवादा पहुंचेगी उसके भी विलंब होने की सूचना है। नवादा स्टेशन प्रबंधक ए.के. सुमन ने बताया कि छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए ट्रेनों को सुरक्षित स्टेशनों पर ही खड़ा रखा गया है। जब तक रेलवे ट्रैक पूरी तरह से खाली नहीं हो जाती तब तक ट्रेनों का परिचालन संभव नहीं है।
