पटना में मूसलधार बारिश से गिरा तापमान, बिहार के कई जिलों को मौसम विभाग ने किया अलर्ट
पटना में एक बार रविवार की सुबह मौसम लोगों पर मेहरबान रहा। पटना के कई इलाकों में मूसलधार बारिश हुई। आधे घंटे की बारिश ने जलजमाव कर दिया। वहीं उमस से भी लोगों को राहत मिली है।
पटना, जेएनएन। पटना में एक बार रविवार की सुबह मौसम लोगों पर मेहरबान रहा। पटना के पाटलिपुत्रा, कुर्जी, बोरिंग रोड, फुलवारीशरीफ, बेली रोड, पाटलिपुत्र जंक्शन आदि इलाकों में भोरे-भोरे मूसलधार बारिश हुई। सुबह सात बजे के आसपास बूंदाबांदी के बाद साढ़े 10 बजे के आसपास जोरदार बारिश हुई। आधे घंटे की बारिश ने रोड पर जलजमाव कर दिया। निचले इलाके में सड़कें पानी-पानी हो गईं। वहीं मौसम के बदले मिजाज से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। उधर मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों को अलर्ट किया है। कुछ जिलों में तेज बारिश हाे सकती है।
बिहार में 21-22 अगस्त को हो सकती है बारिश
बता दें कि शनिवार को भी राजधानी और आसपास के इलाके में बारिश हुई थी। इससे थोड़ी देर के लिए लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली थी। शनिवार को 13 एमएम बारिश हुई थी। इसके बाद रात में अचानक उमस बढ़ गई थी। इससे लोगों को पसीने से निजात नहीं मिल रही थी। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश भर में बादल छाए रहेंगे। 21 और 22 अगस्त को बारिश की संभावना है। वहीं रविवार की सुबह इसका असर भी दिखा और आधे घंटे की मूसलधार बारिश से तापमान में गिरावट आई है। इससे लोगों की राहत मिली है।
पटना में 13 एमएम हुई थी बारिश
शनिवार को पटना में 13 एमएम, गया में 4 एमएम, भागलपुर में 6 एमएम, पूर्णिया में 8.9 एमएम, खगडिय़ा में 5 एमएम, लखीसराय, समस्तीपुर और फारबिसगंज में दो-दो एमएम वर्षा रिकॉर्ड किया गया। वहीं शनिवार को पटना का तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
20 अगस्त तक कमजोर रहेगा मानसून
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 20 अगस्त तक कमजोर रहेगा। झारखंड और मध्यप्रदेश के पूर्वी क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने का असर बिहार में पड़ेगा। 21-22 अगस्त तक बिहार के कुछ हिस्से में बारिश होने की संभावना है।