दुर्गापूजा के बाद अब धनतेरस के दिन हो सकती बूंदाबांदी, दीपावली पर गिरेगा मौसम का पारा
दीपावली की तैयारी में पूरा बिहार डूबा है। 25 अक्टूबर को धनतेरस है और 27 अक्टूबर को दीपावली। लेकिन मौसम का मिजाज कुछ ठीक नहीं लग रहा है। एक बार फिर बारिश के आसार नजर आ रहे हैं।
पटना, जेएनएन। दीपावली की तैयारी में पूरा बिहार डूबा है। 25 अक्टूबर को धनतेरस है और 27 अक्टूबर को दीपावली। घर की साफ-सफाई से लेकर रंग-रोगन में लोग लगे हुए हैं। वहीं मौसम का मिजाज कुछ ठीक नहीं लग रहा है। ठीक त्योहार के वक्त एक बार फिर बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। हालांकि दुर्गापूजा की तरह इस बार मूसलधार बारिश नहीं होगी। लेकिन बूंदा-बांदी और कहीं ठीक-ठाक बारिश त्योहार के इस मौसम में खलल डाल सकती है। सर्दी का अहसास तो करा ही देगा।
मौसम विभाग की मानें तो राजधानी पटना सहित बिहार में धनतेरस के दिन 25 अक्टूबर को बूंदाबांदी की संभावना है। पटना, गया, औरंगाबाद के आसपास के इलाके में कुछ जगहों पर अधिक बारिश हो सकती है। दक्षिण बिहार में छिटपुट बारिश के कारण हवा में नमी बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार दीपावली तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। छिटपुट बूंदाबांदी के कारण तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। रात में सर्दी का अहसास होगा। बता दें कि सोमवार को बांका में 17.6 मिलीमीटर (एमएम), शेरघाटी में 6.2 एमएम, जहानाबाद में 4.4 एमएम, कटोरिया में 4.2 एमएम, बोधगया और टिकारी में क्रमश: 1.6 और 1.2 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ जगह बूंदाबांदी हो सकती है।
पटना में सोमवार को अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री रहा।