छठ के बाद भगानी हो सुस्ती तो आज परिवार के साथ यहां करिए सैर, रविवार की छुट्टी का लीजिए आनंद
छठ के बाद शनिवार को सभी लोग आराम के मूड में रहे। त्योहार गुजरने के बाद कई लोग सुस्ती भी महसूस कर रहे हैं। ऐसे में खुद को तरोताजा रखने के लिए आप आज रविवार की छुट्टी का उपयोग इन जगहों पर घूमने-फिरने में कर सकते हैं।
पटना, जेएनएन। लोक आस्था के महापर्व छठ में शामिल होने अपने घर आए लोग यदि रविवार को परिवार संग घूमने का प्लान बना रहे हों तो ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है। अगर आप इस उलझन में हैं कि पटना के किन स्थानों पर परिवार के साथ भ्रमण कर छुट्टियां बिताई जा सकती हैं तो इस खबर पर गौर करिए। राजधानी का चिड़ियाघर, सभ्यता द्वार, राजधानी वाटिका, एनर्जी पार्क, श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र, बुद्ध स्मृति पार्क, एनआइटी घाट स्थित मरीन ड्राइव, पटना सिटी स्थित गुरुद्वारा सहित अन्य स्थल आपके लिए भ्रमण के बेहतर विकल्प हो सकते हैं।
बुद्ध स्मृति पार्क में बुद्ध के स्तूप का करें दर्शन
फ्रेजर रोड स्थित बुद्ध स्मृति पार्क में आप भगवान बुद्ध के स्तूप का दर्शन कर सकते हैं। यहां की लाइब्रेरी में भगवान बुद्ध से संबंधित किताबें भी पढ़ सकते हैं। 120 रुपये के पैकेज टिकट पर दो व्यक्ति पार्क में प्रवेश कर भगवान बुद्ध का स्तूप, लाइब्रेरी और लेजर शो देख सकते हैं। लेजर शो शाम में 5:15 से 6:00 बजे तक दिखाया जाता है। पार्क का प्रवेश शुल्क 20 रुपये है। प्रवेश टिकट पर आप लेजर शो भी देख सकते हैं। इसमें बिहार का इतिहास दिखाया जाता है। अलग से लाइब्रेरी का टिकट 40 रुपये और स्तूप के लिए 50 रुपये देने होते हैं।
चिडिय़ाघर में जानवरों के दीदार संग लें थ्री-डी फिल्म का आनंद
बेली रोड स्थित संजय गांधी जैविक उद्यान में आप जानवरों के दीदार के साथ-साथ थ्री-डी फिल्म का मुफ्त में आनंद ले सकते हैं। यहां वर्तमान में कन्क्वेस्ट ऑफ द स्काई थ्री-डी फिल्म दिखाई जा रही है। इसके साथ ही आप यहां पर बोटिंग, चिल्ड्रेन पार्क, हर्बल गार्डेन, फर्न हाउस, जल उद्यान में भी सैर कर सकते हैं। चिडिय़ाघर में सुबह 6:00 बजे से शाम के पांच बजे तक प्रवेश कर सकते हैं। बच्चों के लिए 10 जबकि व्यस्क के लिए 30 रुपये के टिकट हैं। चिडिय़ाघर में बने जानवरों के नये इंक्लोजर से लगभग सभी जानवरों को आप नजदीक से देख सकते हैं।
गंगा किनारे के सभ्यता द्वार का करे दीदार, लें सेल्फी
गांधी मैदान, मगध महिला कॉलेज के ठीक बगल में स्थित बापू सभागार के पीछे बने सभ्यता द्वार का भी दीदार किया जा सकता है। सभ्यता द्वार को मुंबई के गेट-वे ऑफ इंडिया और दिल्ली के इंडिया गेट की तर्ज पर बनाया गया है। कंक्रीट और सैंड स्टोन से निर्मित 34 मीटर ऊंचे सभ्यता द्वार की दीवारों पर चक्रवती सम्राट अशोक, महात्मा बुद्ध, भगवान महावीर, मेगास्थनीज की पाटलिपुत्र के महत्व और उसकी एतिहासिकता को बताते हुए उपदेश लिखे हैं। सभ्यता द्वार के ऊपर राष्ट्रीय प्रतीक चिन्ह अशोक स्तंभ को देखा जा सकता है। इस द्वार के चारों तरफ हरा-भरा गार्डेन भी है, जो देखने में बहुत खूबसूरत है।
पटना के सबसे बड़े पार्क राजधानी वाटिका की करें सैर
स्ट्रेंड रोड स्थित राजधानी के सबसे बड़े पार्क राजधानी वाटिका में सैर की जा सकती है। यहां आप चिल्ड्रेन पार्क, बोटिंग, एडवेंचर पार्क, स्केटिंग, झरना और झील का भरपूर आनंद ले सकते हैं। बच्चों के लिए प्रवेश टिकट 10 रुपया जबकि वयस्क के लिए 20 रुपया है। सुबह 5:30 बजे शाम के 7:00 बजे तक यह पार्क खुला रहता है। सुबह में मॉर्निंग वॉक के लिए प्रवेश टिकट पांच रुपये है।
एनर्जी पार्क में लें वुल राइडिंग का आनंद
राजवंशी नगर स्थित एनर्जी पार्क में आप बंशी, बोटिंग, बाउंसी, ट्रेमपुलिंग, क्रिकेट, वुल राइडिंग का आनंद ले सकते हैं। बच्चों के लिए यहां पर अलग से चिल्ड्रेन पार्क भी है। एनर्जी पार्क दर्शकों के लिए सुबह 5:30 बजे से लेकर शाम के सात बजे तक खुले रहते हैं। पार्क में प्रवेश टिकट 20 रुपया है, जबकि अलग-अलग चीजों के लिए अलग से टिकट लेने पड़ते हैं।