विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 19, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बेगूसराय के बाद अब हाजीपुर में अपराधियों का उपद्रव, दहशत फैलाने के लिए कई जगह फायरिंग

By Vyas ChandraEdited By:
Published: Mon, 19 Sep 2022 07:09 AM (IST)Updated: Mon, 19 Sep 2022 11:44 AM (IST)

Firing in Hajipur बिहार के हाजीपुर में रविवार रात बाइक सवार बदमाशों ने कई जगहों पर फायरिंग कर सनसनी फैला ...और पढ़ें

हाजीपुर में बदमाशों की फायरिंग से दहशत। सांकेतिक तस्‍वीर
हाजीपुर में बदमाशों की फायरिंग से दहशत। सांकेतिक तस्‍वीर

हाजीपुर, जागरण संवाददाता। Firing in Hajpur बेगूसराय शूटआउट की तरह अब वैशाली के जिला मुख्‍यालय हाजीपुर में अपराधियों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दिया। रविवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की और फरार हो गए। संयोग रहा कि इस दौरान कोई इनकी गोलियों का शिकार नहीं बना। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। छानबीन शुरू कर दी गई है। 

बाइक पर सवार थे दो अपराधी 

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे पासवान चौक की ओर से बाइक सवार दो बदमाश आए। वे मड़ई चौक पहुंचे। वहां स्थित टीवीएस एजेंसी के निकट करीब चार राउंड फायरिंग की और पिस्‍टल लहराते हुए राजेंद्र चौक की ओर निकल गए। हालांकि इस दौरान कोई दुखद घटना नहीं हुई, लेकिन लोग दहशत में आ गए। लोग इधर-उधर भागने लगे। इसकी सूचना पर पहुंची नगर थाने की पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है। नगर थानाध्यक्ष सुबोध सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल की। पुलिस ने घटनास्थल पर आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही शहर में चौकसी बढ़ा दी गई है। चौक-चौराहे पर वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधी जल्‍द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। 

वार्ड पार्षद प्रत्‍याशी ने थाने में की शिकायत 

नगर थाना क्षेत्र के मरई चौक पर बीते शाम दहशत फैलाने के उद्देश्य से हुई गोलीबारी मामले में पुलिस किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। स्थानीय वार्ड पार्षद प्रत्याशी अजय कुमार ने अज्ञात के खिलाफ नगर थाना में दहशत कायम करने के उद्देश्य से फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। उन्होंने बताया कि घर के पास अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने दहशत कायम करने के उद्देश्य से फायरिंग की है। 

बेगूसराय की घटना से मची थी सनसनी 

मालूम हो कि कुछ दिनों पूर्व बेगूसराय में चार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर कई लोगों को घायल कर दिया था। इस घटना में एक की मौत भी हो गई थी। घटना से राज्‍य ही नहीं देशभर में सनसनी फैल गई थी। हालांकि पुलिस ने सभी बदमाशों को पकड़ लिया है। पुलिस का दावा है कि इनका उद्देश्‍य दहशत कायम करना था। पुलिस मामले की जांच अभी कर रही है। देखना है कि पूरी घटना के पीछे का कारण क्‍या है। इसमें एक आरोपित को फंसाये जाने का भी आरोप लगाया जा रहा है।