बिहार में कुल्हाड़ी से काटकर नशेड़ी ने बड़े भाई की ली जान, भाभी को भी नहीं छोड़ा
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में नशे में धुत्त भाई ने खून के रिश्ते को तार-तार कर दिया। मामूली बात पर तैश में आकर उसने कुल्हाड़ी से काटकर बड़े भाई की जान ले ली।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। बिहार के पूर्वी चंपारण में बड़ी वारदात सामने आई है। चकिया थाना क्षेत्र के बरमदिया गांव में मामूली विवाद में शराबी छोटे भाई मदन भगत ने बड़े भाई महेश भगत उर्फ सुखाड़ी भगत (40) की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। इस दौरान पति को बचाने गई पत्नी भी गंभीर रूप घायल हो गई। गांव के वार्ड सात निवासी सुखाड़ी भगत चार भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा था। मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शौचालय की टंकी को लेकर हुआ था विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, शौचालय की सोख्ता टंकी से बदबू फैल रही थी। इसको लेकर दोनों भाइयों के बीच मामूली विवाद हुआ था। बात बढ़ी तो मारपीट होने लगी। इस दौरान सुखाड़ी पर छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिया। पति को बचाने गई सुखाड़ी की पत्नी मंजू देवी को भी कुल्हाड़ी से गंभीर रूप से घायल कर दिया। वह शोर मचाती बाहर भागी। ग्रामीणों को आते देख शराबी भाई भाग निकला। इस बीच सुखाड़ी की मौत हो गई। ग्र्रामीणों ने जख्मी मंजू देवी को स्थानीय रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया। सुखाड़ी को चार नाबालिग बच्चे हैं। इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष निर्मल कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है। मामले में कोई आवेदन नहीं मिला था।
मुंबई में चाकू मारने के आरोप में जेल जा चुका है आरोपित
ग्रामीणों के अनुसार सुखाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। सभी भाई आपस में बंटवारा कर अलग -अलग रहते थे। बड़े भाई की हत्या करने का आरोपित मदन भगत ट्रक चालक है। सात साल पूर्व मुंबई में भी चालक था। वहां किसी विवाद में एक व्यक्ति को चाकू से गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मामले में वहां दो साल तक जेल में भी रहा था।