विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

$1 बिलियन के निवेश पर मंथन: मुख्य सचिव की अध्यक्षता में ADB संग बैठक, बिहार के विकास का खाका तैयार

Published: Mon, 16 Feb 2026 02:55 PM (GMT+05:30)

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें बिहार के ...और पढ़ें

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में ADB संग उच्चस्तरीय बैठक

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में ADB संग उच्चस्तरीय बैठक

HighLights

  1. मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने ADB के साथ बैठक की।

  2. बिहार के विकास हेतु $1 बिलियन निवेश पर मंथन।

  3. बौद्ध सर्किट, शहरी बुनियादी ढांचा, कौशल विकास पर जोर।

राज्य ब्यूर, पटना। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में एशियाई विकास बैंक (ADB) के साथ उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में वित्त, शिक्षा, जल संसाधन, कृषि, नगर विकास, नागरिक विमानन, पथ निर्माण, उद्योग, पर्यटन तथा युवा रोजगार व कौशल विकास विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मुख्य सचिव ने ADB टीम का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार बुनियादी ढांचे और आर्थिक ढांचे में बड़ी छलांग के लिए तैयार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रस्तावों पर शीघ्र निर्णय लेकर कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ा जाएगा। राज्य सरकार ने साझेदारी को दीर्घकालिक और परिणामोन्मुख बताया। बैठक का फोकस उच्च-प्रभाव वाले बहु-क्षेत्रीय निवेश पर रहा।

परियोजनाओं का व्यापक खाका प्रस्तुत

भारत के लिए ADB की कंट्री डायरेक्टर मियो ओका ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। प्रमुख प्रस्तावों में व्यापक बौद्ध सर्किट विकास शामिल है। जल संसाधन एवं कृषि रूपांतरण परियोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। चयनित शहरों के लिए शहरी बुनियादी ढांचा और लचीलापन परियोजना प्रस्तावित है। ऊर्जा क्षेत्र में नवीकरणीय ऊर्जा विस्तार और भविष्य-तैयार वितरण ग्रिड पर जोर दिया गया। साथ ही बिहार स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा रूपांतरण परियोजना पर विचार हुआ।

कौशल, MSME और विनिर्माण पर विशेष फोकस

व्यापक कौशल विकास परियोजना को रोजगार सृजन से जोड़ा गया। महिलाओं पर केंद्रित MSME विकास को प्राथमिकता देने का सुझाव आया। विनिर्माण प्रतिस्पर्धात्मकता और लॉजिस्टिक्स सुधार पर भी मंथन हुआ।


गया और मुजफ्फरपुर में एकीकृत क्लस्टर विकसित करने का विचार रखा गया। इससे औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद है। पूंजीगत व्यय दक्षता और राजस्व संग्रह में सुधार पर भी सहमति बनी।

सार्वजनिक वित्त प्रबंधन और शिक्षा सुधार

PPP विकास सहित सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन को सुदृढ़ करने पर चर्चा हुई। स्कूली शिक्षा में ‘स्कूल रेडीनेस गैप’ कम करने की रणनीति प्रस्तावित हुई। ADB प्रतिनिधियों ने कहा कि साझेदारी उच्च-प्रभाव समाधान की ओर बढ़ रही है।


रियायती पूंजी और वैश्विक विशेषज्ञता को साथ लाने पर बल दिया गया। लक्ष्य बिहार को उच्च-उत्पादकता और नवाचार-प्रेरित अर्थव्यवस्था की ओर ले जाना है। बैठक को राज्य की सतत आर्थिक प्रगति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।