बिहार: एक्शन में मंत्री दीपक प्रकाश, ट्रांसफर में लापरवाही बरतने पर 3 जिलों के DPRO पर गिरेगी गाज
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने पंचायत सचिवों के तबादले में लापरवाही पर अररिया, नवादा और नालंदा के डीपीआरओ समेत मुख्यालय के अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश। (फाइल फोटो)
HighLights
पंचायत सचिवों के तबादले में लापरवाही पर कार्रवाई।
तीन जिलों के डीपीआरओ से स्पष्टीकरण मांगा गया।
मुख्यालय के संबंधित अधिकारियों पर भी शिकंजा कसा।
राज्य ब्यूरो, पटना। सरकार ने पंचायत सचिव तबादले में लापरवाही पर तीन जिलों के जिला पंचायत राज पदाधिकारी (डीपीआरओ) के साथ मुख्यालय के स्थापना कोषांग से संबंधित अधिकारियों पर शिकंजा कस दिया है। शीघ्र ही कार्रवाई होगी।
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने सोमवार को बताया कि पंचायत सचिवों के तबादले में अनियमितता की बात विभाग के संज्ञान में आया है।
मेरे निर्देश पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने अररिया, नवादा एवं नालंदा के डीएम की रिपोर्ट के आधार पर तीनों जिलों के डीपीआरओ से स्पष्टीकरण मांगा गया।
साथ ही मुख्यालय के संबंधित अधिकारियों से भी स्पष्टीकरण लिया गया। विभागीय स्तर पर समीक्षा में पाया गया कि पंचायत सचिवों के तबादले में लापरवाही हुई है।
डीएम को दिया गया निर्देश
तीनों जिलों के डीएम को निर्देश दिया गया है कि संबंधित डीपीआरओ के विरूद्ध आरोप पत्र गठित कर कार्रवाई करें। साथ ही मुख्यालय स्तर पर भी संबंधित प्रशाखा के चिह्नित अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध आरोप पत्र गठित करते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
मंत्री ने बताया कि तीन पंचायत सचिव में एक पंचायत सचिव सही पाया गया, लेकिन गलती से एक ही जिला पोर्टल पर भर दिया था।
दो पंचायत सचिव के नाम गलत पाए गए। मंत्री ने कहा कि पंचायत सचिव की आईडी एचआरएमएस से जुड़ी रहती है, इसलिए कोई गलत नाम का व्यक्ति योगदान कर ही नहीं सकता है।
यह भी पढ़ें- अपने ही विभाग के काम पर बिफरे पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश! मांझी-चिराग विवाद से बनाई दूरी, आरक्षण पर भी बोले
