पटना में राशन दुकान, आंगनबाड़ी और CSC पर भी बनेगा 'आभा कार्ड'; डीएम ने दिए मिशन मोड में काम करने के निर्देश
पटना में अब राशन की दुकान, आंगनबाड़ी केंद्र और कॉमन सर्विस सेंटर पर भी आभा कार्ड बनवाए जा सकेंगे। डीएम ...और पढ़ें

राशन दुकान, आंगनबाड़ी और CSC पर भी बनेगा आभा कार्ड (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
राशन दुकान, आंगनबाड़ी, सीएससी पर बनेगा आभा कार्ड।
डीएम ने मिशन मोड में कार्ड बनाने के दिए निर्देश।
14 अंकों का डिजिटल हेल्थ आईडी होगा यह कार्ड।
जागरण संवाददाता, पटना। जिले के नागरिकों को अब डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ने के लिए राशन की दुकान से लेकर आंगनबाड़ी केंद्र व कामन सर्विस सेंटर (सीएससी) तक आभा (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) कार्ड बनाने की सुविधा मिलेगी। डीएम कुंदन कुमार ने सभी नागरिकों का आभा कार्ड बनाने के लिए विभागों को मिशन मोड में कार्य करने को कहा है।
14 अंकों वाले इस यूनिक डिजिटल हेल्थ आईडी में डॉक्टर की पर्ची, जांच रिपोर्ट, अस्पताल में इलाज संबंधी विवरण को डिजिटल रूप में सुरक्षित किया जा सकेगा। अलग-अलग अस्पतालों में इलाज कराने पर ये डिजिटल कार्ड देखे व साझा किए जा सकेंगे। इससे मरीज को हर बार पुरानी रिपोर्ट और पर्चियां साथ लेकर चलने की जरूरत कम होगी। साथ ही डाक्टर को पिछली जांच या इलाज की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
राशन लेने आएं तो बनवा सकेंगे आभा कार्ड
जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों पर राशन का उठाव करने आने वाले लाभुकों को आभा कार्ड के फायदे की जानकारी दी जाएगी। वहीं, आभा एप से उनका कार्ड बनाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा विलेज हेल्थ, सैनिटेशन एंड न्यूट्रिशन डे (वीएचएसएनडी) और टेक होम राशन (टीएचआर) दिवस पर आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले नागरिकों का भी आभा कार्ड बनाया जाएगा।
जिले के सभी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। जीविका दीदियों और उनके परिवार के सदस्यों का भी आभा कार्ड बनवाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ताओं को भी अभियान में लगाया जाएगा। वे अपने क्षेत्र के लोगों को आभा कार्ड के फायदे बताएंगी और अधिक से अधिक नागरिकों का कार्ड बनवाने में सहयोग करेंगी। इसके अलावा सहज वसुधा केंद्र और कॉमन सर्विस सेंटर पर आने वाले नागरिकों का भी आभा कार्ड बनाने की व्यवस्था की जाएगी।
