Move to Jagran APP

बिहार का एक गांव जहां आम ने पूरे किए सपने; यहां घर-घर में कार, मंजर देखकर तय होतीं शादियां

बिहार के वैशाली में आम का एक गांव है जहां शिक्षा से लेकर शादी तक सबकुछ आम ही तय करता है। यहां की अ‍र्थव्‍यवस्‍था की रीढ़ है आम। गांव के लिए आम क्‍यों है खास जानिए इस खबर में।

By Amit AlokEdited By: Published: Sat, 13 Jun 2020 07:56 AM (IST)Updated: Sun, 14 Jun 2020 07:55 AM (IST)
बिहार का एक गांव जहां आम ने पूरे किए सपने; यहां घर-घर में कार, मंजर देखकर तय होतीं शादियां
बिहार का एक गांव जहां आम ने पूरे किए सपने; यहां घर-घर में कार, मंजर देखकर तय होतीं शादियां

वैशाली, मो. एहतेशाम पप्पू। बिहार में एक गांव ऐसा है, जहां आम की फसल देखकर किसान अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और मांगलिक कार्य तय करते हैं। वैशाली जिले के हरलोचनपुर सुक्की गांव की मिट्टी वैसे तो हर फसल के लिए उपयुक्त है, लेकिन यहां के किसानों की खुशहाली आम के बागों पर निर्भर करती है। कुल 2200 एकड़ रकबा वाले गांव की दो हजार एकड़ जमीन पर केवल आम के बाग हैं। इस बार मंजर आने के बावजूद कोरोना संक्रमण (CoronaVirus Infection) के कारण लॉकडाउन (Lockdown) को लेकर किसान (Mango Farmers) परेशान थे। अब लॉकडाउन में ढ़ील के बाद उनके चेहरे फिर चमकने लगे हैं। यहां 15 जून से आम टूटने शुरू हो जाते हैं। 

loksabha election banner

आम के इको फ्रेंडली गांव में कई वेरायटी के पेड़

यह आम का इको फ्रेंडली गांव (Eco-friendly Mango Village) है, जहां बागों में विभिन्न वेरायटी के पेड़ हैं। यहां मालदह, सुकुल, बथुआ, सिपिया, किशनभोग, जर्दालु आदि कई प्रकार के आम होते हैं। यह गांव लेट वेरायटी वाले आमों का मायका भी कहा जाता है।

दूर-दूर से आते व्‍यापारी, देश भर में जाते आम

यहां के आम पश्चिम बंगाल व उत्तर प्रदेश (UP) सहित देश के कई भागों में भेजे जाते हैं। ये आम बिहार के अन्य जिलों में भी जाते हैं। इसके लिए किसानों को मेहनत नही करनी पड़ती। व्यापारी खुद आकर आम के बाग खरीद लेते हैं। किसान अशोक कुमार सिंह व केशव प्रसाद सिंह का कहना है कि दूर-दूर से आने वाले व्यापारी अच्छी कीमत देकर बागों को खरीद लेते हैं। 

किसान आम के मंजर बचाने को करते उपाय

हर साल नए-नए उपाय कर आम के मंजरों को बचाया जाता है। किसान कीड़े से बचाने के लिए पेड़ के तने पर चूने का घोल लगवाते हैं। मिट्टी की जांच होती है और बागों की सिंचाई कराई जाती है। आम में लगने वाले दूधिया और छेदिया रोगों से बचाव के लिए छिड़काव किया जाता है। पानी में गोंद घोलकर भी डालते हैं।

सालाना करीब सात लाख टन तक उत्पादन

आम उत्पादक चंदन कुमार सिंह, डॉ. अशोक कुमार सिंह, केशव प्रसाद सिंह, पैक्स अध्यक्ष दीपक कुमार सिंह आदि बताते हैं कि किसान एक कट्ठे में चार-पांच पौधे लगाते हैं। एक एकड़ में 90 पौधे लगाए जाते हैं। एक तैयार पेड़ में चार क्विंटल तक फल आते हैं। अगर मौसम ने अच्छा साथ नहीं दिया तो भी औसतन ढ़ाई से तीन क्विंटल फल हर पेड़ पर आते हैं। इस गांव के जितने रकवे में आम के बाग हैं, उनमें करीब सात लाख टन तक उत्पादन होता है। 

बाढ़ बहा ले जाती थी सपने, फिर लगाए बाग

गांव की यह खुशहाली आजादी के पहले नहीं थी। नून नदी (Noon River) के किनारे बसे इस गांव में बाढ़ (Flood) हर साल किसानों के सपने बहा ले जाती थी। जमीन पर पांव जमाने लायक जगह भी नहीं बचती थी। फसलें मारी जाती थीं। साल 1940 में गांव के बड़े-छोटे जोत वाले किसानों ने बाढ़ से फसल की बर्बादी को देखते हुए आम के पौधे लगाने का निर्णय लिया। देर-सबेर और किसानों ने भी यही किया। आम से आमदनी के लिए उन्हें 10 वर्षों का इंतजार करना पड़ा, लेकिन साल 1950 के बाद यहां के लोगों की किस्मत बदल गई।

आम से आई समृद्धि, अब यहां हर घर में कार

करीब 70 सालों से इस गांव को आम के बाग ही पाल-पोस रहे हैं। गांव में सम्पन्नता और रौनक है तो आम की वजह से। शायद ही कोई ऐसा परिवार है, जिसके दरवाजे पर कार न हो। 

अच्छा मंजर देखकर ही तय करते बेटे-बेटी की शादी 

यहां के लोग बाग में अच्छा मंजर देखकर ही बेटे-बेटी की शादियां तय करते हैं। बड़े आम उत्पादकों में से एक चंदन कुमार सिंह बताते हैं कि तीन-चार साल के भीतर गांव में आम पर निर्भर किसानों के घरों की 40-45 बेटियों के हाथ पीले हुए हैं। किसान अपनी आर्थिक जरूरतों को देखते हुए तीन-चार साल के लिए बागों को व्यापारियों को देकर अग्रिम पैसे ले लेते हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.