सिवान में राहगीर की चाकुओं से गोदकर हत्या, लूटपाट के दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने मार डाला
Murder in Siwan सिवान जिले में सोमवार की अल सुबह एक शख्स की चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी गई है। घटना जिला मुख्यालय में नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड में हुई। अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह ट्रेन पकड़ने स्टेशन जा रहा था।
सिवान, जागरण संवाददाता। Murder in Siwan: सिवान जिले में सोमवार की अल सुबह एक शख्स की चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी गई है। घटना जिला मुख्यालय में नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड में हुई। अंदाजा लगाया जा रहा है कि मारा गया शख्स स्टेशन से ही आ रहा था ट्रेन पकड़ने स्टेशन जा रहा था। स्टेशन रोड में स्थित रिलायंस डिजिटल शो रूम के समीप अज्ञात अपराधियों ने एक यात्री से लूटपाट के दौरान चाकू गोदकर हत्या कर दी और फरार हो गए। लोगों को घटना की जानकारी उस समय हुई जब वे टहलने के लिए सड़क पर निकले थे। खून से लथपथ शव देख लोगों ने इसकी सूचना नगर थाना को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
जेब से मिला बस्ती से फैजाबाद का रेल टिकट
मृत युवक के पास से पुलिस ने एक आधार कार्ड और बस्ती से फैजाबाद का एक टिकट बरामद किया है। आधार कार्ड के अनुसार पुलिस ने उसकी पहचान बड़हरिया थाना क्षेत्र के कोइरिगवां निवासी दुखन यादव के पुत्र दुलारचंद यादव के रूप की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि चार की संख्या में अपराधियों ने लूटपाट की नीयत से चाकू से गोदकर यात्री की हत्या कर दी। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है अभी कुछ भी बताने से इन्कार करते हुए आगे की जांच में जुटी हुई है।
घटनास्थल से मिला चाकू का कवर
घटनास्थल से पुलिस ने चाकू का कवर बरामद किया है। यात्री के गर्दन, मुंह व अन्य जगहों पर जख्म के निशान थे। पुलिस के अनुसार बरामद टिकट में एक 15 वर्षीय किशोरी का नाम भी अंकित है, लेकिन वह घटनास्थल पर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।