दूल्हे को वरमाला पहना रही थी दुल्हन, अचानक पहुंचा सनकी प्रेमी और दाग दी गोली
शादी के लिए सजे मंडप में जयमाला की रस्म हो रही थी। जैसे ही दूल्हे के गले में दुल्हन ने वरमाला डाली कि उसके प्रेमी ने स्टेज पर आकर फायरिंग की जो दूल्हे को लग गई। वह घायल हो गया।
पटना [जेएनएन]। बेउर थाना क्षेत्र की मगध कॉलोनी में मंगलवार की रात प्रेमिका की शादी से नाराज एक सनकी युवक ने मंडप में घुसकर दूल्हे पर जानलेवा हमला कर दिया। खुशनुमा माहौल के बीच दुल्हन दूल्हे के गले में वरमाला डालने वाली थी कि उसका प्रेमी स्टेज पर चढ़ गया और एकाएक गोलियां दागने लगा।
प्रेमी ने लगातार तीन गोलियां चलाईं, जिसमें से एक गोली दूल्हे के पैर में लगी और वह स्टेज पर गिर पड़ा। अचानक फायरिंग की आवाज सुनकर समारोह में भगदड़ मच गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपित फरार होने में कामयाब रहा। डीएसपी रामाकांत प्रसाद ने बताया कि प्रेम प्रसंग में गोली चलने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि घायल दूल्हा खतरे से बाहर है।
गोला रोड से आई थी बरात
दानापुर के गोला रोड निवासी रिटायर्ड प्रशाखा पदाधिकारी राजो पासवान के बड़े बेटे इंजीनियर अमित कुमार की शादी मगध कॉलोनी में रहने वाली एक लड़की से तय हुई थी। बरात लगभग रात 12 बजे गाजे-बाजे के साथ पहुंची। द्वार पूजा के बाद दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर जयमाला के लिए गए थे। तभी एक सनकी युवक हेलमेट पहनकर भीड़ में घुस गया और स्टेज पर चढ़कर फायरिंग करने लगा। घटना के बाद वर पक्ष के लोग बरात लेकर लौट गए।
कॉलेज से करता था पीछा
इधर, दुल्हन ने प्रेम प्रसंग से इन्कार किया है। उसने पुलिस को बताया कि कॉलेज के समय से आरोपित उसका पीछा करता था। वह एकतरफा प्यार करता था, लेकिन कभी उसने प्रेम प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया। पुलिस आरोपित की पहचान कर चुकी है। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।