विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 16, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हाजीपुर के केनरा बैंक में दो गार्ड के बीच विवाद में चली गोली, एक ग्राहक जख्‍मी, बैंक में अफरातफरी

By Vyas ChandraEdited By:
Published: Tue, 16 Nov 2021 04:26 PM (GMT+05:30)Updated: Tue, 16 Nov 2021 05:06 PM (GMT+05:30)

बिदुपुर थाना के चेचर स्थित केनरा बैंक की शाखा में तैनात वर्तमान गार्ड और पूर्व गार्ड के बीच मंगलवार को विवाद हो गया। इस क्रम में एक गार्ड ने गोली चला दी। यह गोली बैंक में मौजूद एक ग्राहक को जा लगी।

अस्‍पताल में चल रहा घायल का इलाज। जागरण
अस्‍पताल में चल रहा घायल का इलाज। जागरण

बिदुपुर (वैशाली), संवाद सूत्र। बिदुपुर थाना के चेचर गांव स्थित केनरा बैंक की शाखा में मंगलवार को पुराने और वर्तमान गार्ड के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद हुई दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के क्रम में ही ड्यूटी गार्ड के गन से गोली चल गई जो बैंक में मौजूद तीन ग्राहकों को लग गई। घटना के बाद बैंक में अफरातफरी मच गई तथा बैंक में मौजूद कर्मी एवं ग्राहक इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई। बैंक में गोली चलने की सूचना पर आनन-फानन में मौके पर बिदुपुर थाना की पुलिस पहुंच गई और आरोपी गार्ड को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने जख्मी ग्राहकों में एक गंभीर रूप से जख्मी ग्राहक को इलाज के लिए लेकर तत्काल बिदुपुर पीएचसी पहुंची जहां से प्राथमिक उपचार कराने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर चली गई। जहां उसका इलाज किया जा रहा है।

गेट खोलने से इंकार करने पर शुरू हुआ विवाद 

घटना के संबंध में मौके पर मौजूद ग्राहक ने बताया कि उक्त शाखा के पुराने रिटायर्ड गार्ड राघोपुर निवासी शिवचंद्र राय नाती के साथ अपने पर्सनल काम के लिए कई दिनों से बैंक आ-जा रहे थे। सोमवार को उन्हें ब्रांच मैनेजर आने को बोले थे लेकिन किसी काम की वजह से मैनेजर सोमवार को नही आ पाए। मंगलवार को फिर वह जब बैंक पहुंचा तब ग्राहक के समय के बीच मुख्य गेट बंद था। उसने ड्यूटी पर तैनात महनार निवासी नए गार्ड राकेश कुमार सिंह को गेट खोलने को कहा। लेकिन गेट की चाबी उसके पास नहीं थी। उसने कहा कि वह गेट खोलने में असमर्थ है। इसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसके बाद पूर्व गार्ड और उसके साथ आए उसके नाती ने मारपीट शुरू कर दी। तीनों के बीच हो ही उठापटक के दौरान गार्ड के गन से अकस्मात गोली चल गई। इससे बैंक के तीन ग्राहक जुड़ावनपुर गांव निवासी अंजू कुमारी एवं अंशु देवी तथा कथौलिया गांव निवासी बिलट राय जख्मी हो गए।

गलतफहमी में हुई मारपीट के दौरान चली गोली

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बैंकिंग सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर नए ब्रांच मैनेजर ने ग्राहकों के सीमित संख्या में बैंक में प्रवेश को लेकर गार्ड की जगह ब्रांच के फोर्थ ग्रेड ड्यूटी मैन को गेट की चाबी दी हुई है। अपने काम से पहुंचे पूर्व गार्ड को जब ड्यूटी गार्ड ने चाबी नहीं होने की जानकारी दी तब उसने समझा यह टाल रहा है या झूठ बोल कर अपमान कर रहा है। इसी वजह से वह आपा खो दिया जिस कारण मारपीट की नौबत आई और गोली चल गई। पुलिस ने ड्यूटी गार्ड राकेश सिंह को हिरासत में लिया है। सीसीटीवी फुटेज से भी पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि इस मामले में गार्ड को हिरासत में लिया गया है। जख्मी व्यक्ति बिलट राय को उपचार के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर किया गया है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।