'देश में 74 जैसे आंदोलन की जरूरत'
जागरण ब्यूरो, पटना : प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंगलवार को संपूर्ण क्रांति दिवस मनाया गया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा.सीपी ठाकुर ने कहा कि देश, 1974 से भी बदतर स्थिति में है। संप्रग सरकार की हिटलरशाही से जनता परेशान है।
उनके अनुसार भ्रष्टाचार और महंगाई से आवाम की कमर टूट चूकी है। लोकनायक जेपी ने इसी कांग्रेसी हुकूमत के भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंका था। आज फिर से देश में 74 जैसे आंदोलन करने की जरूरत है।
नगर विकास मंत्री डा. प्रेम कुमार ने कहा कि राज्य सरकार लोकनायक जेपी के सपनों के अनुरुप कार्य कर रही है, जबकि केन्द्र सरकार की निरंकुशता, महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ जन आंदोलन की पृष्ठभूमि बन रही है। बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के उपमुख्य सचेतक अरुण कुमार सिन्हा, विधान पार्षद मंगल पाण्डेय, लालबाबू प्रसाद, सत्येन्द्र नारायण कुशवाहा, विधायक उषा विद्यार्थी, प्रो. सूरज नंदन मेहता, मनोज सिंह, पूर्व सांसद कामेश्वर पासवान, सुधीर कुमार शर्मा, विश्वनाथ भगत, किरण कुमारी और मीडिया प्रभारी राकेश कुमार सिंह समेत अन्य नेताओं ने विचार व्यक्त किए। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता संजय मयूख ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि भाजपा महानगर अध्यक्ष टीएन सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर