अब गुजरात में बिहार दिवस समारोह
पटना : राज्य के बाहर बिहार दिवस समारोह मनाने में भाजपा भी जुट गई है। इससे पहले नई दिल्ली और मुंबई में बिहार दिवस समारोह का आयोजन किया गया था। मुंबई के समारोह के सर्वेसर्वा जदयू के विधान पार्षद देवेशचंद्र ठाकुर थे तो दिल्ली के आयोजन की पूरी जिम्मेवारी भाजपा के विधान पार्षद संजय झा पर थी। इन दोनों समारोहों में भाजपा के किसी नेता को नहीं बुलाया गया था। रविवार को गुजरात के सूरत में बिहार शताब्दी समारोह का आयोजन हो रहा है। इसमें जदयू के किसी नेता को आमंत्रित नहीं किया गया है। खास बात यह है कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी इस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। अध्यक्षता यानी समारोह के शुरू से अंत तक डटे रहेंगे। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री अश्रि्वनी कुमार चौबे समारोह का उद्घाटन करेंगे। इसका आयोजन बिहार-झारखंड समाज ट्रस्ट सूरत की ओर से किया गया है। आयोजन समिति के अध्यक्ष अजय चौधरी ने बताया कि आयोजन में बिहार से राजनेताओं में सिर्फ श्री चौबे को बुलाया गया है। पूछने पर उन्होंने स्वीकार किया कि जदयू के किसी नेता को समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया है। श्री चौधरी मधुबनी जिला के करुणा गांव के हैं। सूरत में कारोबार करते हैं। राज्य के बाहर गुजरात पहला राज्य है जहां दूसरी बार बिहार दिवस समारोह का आयोजन हो रहा है। इससे पहले बिहार विकास परिषद की ओर से 24 मार्च को सूरत में ही बिहार दिवस समारोह का आयोजन किया गया था। इसके आयोजक सुनील मिश्रा और केके शर्मा थे। हालांकि उस समारोह में जदयू के सांसद कैप्टन जयनारायण प्रसाद निषाद, विधान परिषद सदस्य बिनोद कुमार सिंह और राजेश कुमार सिंह के साथ भाजपा के विधान पार्षद वैद्यनाथ प्रसाद के अलावा गुजरात के स्थानीय भाजपा सांसद को भी आमंत्रित किया गया था।
इंसेट-1
ये होंगे सम्मानित
बिहार शताब्दी महोत्सव में कई विभूतियां सम्मानित होंगी। इनमें बिहार की पहली महिला पर्वतारोही पद्मश्री संतोष यादव, प्रसिद्ध गायक उदित नारायण, अभिनेता मनोज तिवारी, साहित्यकार रवीन्द्र राजहंस, आचार्य किशोर कुणाल, प्रो. तथागत तुलसी, स्वामी सच्चिदानंद, गणितज्ञ आनंद कुमार, समाजसेवी आनंद द्विवेदी, गायक ज्ञानेश्वर दुबे, डा. दक्षेश भाई ठाकर, उद्योगपति अनिल शर्मा, वास्तु विहार के एमडी विनय तिवारी, सम्प्रदा सिंह, टीवी कलाकार राजेश कुमार, नृत्यांगना पुनीता शर्मा, प्रो. जितेन्द्र भाई साह, खेल प्रशिक्षक रमाशंकर सिंह, गायक पंडित विपिन मिश्रा, पंडित सिद्धिशंकर, एथलीट मनोज कुमार गुप्ता, जादूगर हकासा, पत्रकार रियाज, डा. एसके कपूर, डा. आनंदवर्द्धन, लेखक हंसमुख बरारी, समाजसेवी मो. इरफान आलम और डा. सब्बीर हुसैन शामिल हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर