ऑपरेशन के बाद गाय के पेट से निकाला 75 किलो पॉलीथिन, हैरान रह गए डॉक्टर
एक गाय का ऑपरेशन किया गया तो उसके पेट से 75 किलो पॉलीथिन निकाली गई। गाय के पेट में इतनी बड़ी मात्रा में कचरा देखकर सभी दंग रह गए।
पटना [जेएनएन]। एक माह से खाना-पीना छोड़ चुकी एक गाय के बुधवार को ऑपरेशन किया गया तो उसके पेट से 75 किलो पॉलीथिन निकाली गई। गाय के पेट में इतनी बड़ी मात्रा में कचरा देखकर सभी दंग रह गए। वेटनरी कॉलेज के चिकित्सकों की मानें तो यदि ऑपरेशन जल्द नहीं किया जाता तो गाय की मौत हो जाती।
शहर के हनुमान नगर निवासी दीपक कुमार बुधवार को अपनी गाय को वेटेनरी कॉलेज में लाए तो उन्हें उम्मीद नहीं थी कि पॉलीथिन खाने के कारण उसकी तबीयत खराब हो गई है। उनकी गाय पिछले एक माह से कुछ खा नहीं रही थी। सैकड़ों बोतल सलाइन एवं अन्य दवाएं दे चुके थे।
वेटेनरी कॉलेज के डॉक्टरों ने गाय की जांच की और ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। डॉ. ज्ञानदेव सिंह के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने चार घंटे तक ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद गाय की हालत सामान्य है। एक सप्ताह में गाय पूरी तरह से ठीक हो जाएगी।
पॉलीथिन से गाय छोड़ती खाना
डॉ. ज्ञानदेव का कहना है कि पॉलीथिन खाने वाली गाय के पेट में धीरे-धीरे संक्रमण का खतरा पैदा हो जाता है। उसे दवाओं से ठीक करना संभव नहीं होता। अगर समय पर पशु अस्पताल आ जाए तो ऑपरेशन कर पॉलीथिन निकाली जा सकती है।