गर्मी और सिर फुटौव्वल के बीच 46 फीसद मतदान
राजधानी में रविवार को पटना नगर निगम चुनाव में उमस भरी गर्मी और मारपीट की घटना हुई।
पटना। राजधानी में रविवार को पटना नगर निगम चुनाव में उमस भरी गर्मी और मारपीट की घटनाओं के बीच 46 फीसद मतदान हुआ। सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के साथ कई ईवीएम में खराबी की शिकायत पर हंगामा हुआ। वहीं, वार्ड संख्या 22-सी में दो गुटों में भिड़ंत हो गई। पत्थरबाजी भी हुई। मतदान समाप्त होने से करीब घंटाभर बचा ही था कि पाटलिपुत्र एक बार और सुलग गया। एक महिला प्रत्याशी के भाई ने प्रतिद्वंदी महिला की पिटाई कर दी। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में भी तीन महिला प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच जमकर मारपीट और रोड़ेबाजी हुई। इस दौरान आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इस दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से लगभग 250 लोगों की गिरफ्तारी हुई, जिन्हें मतदान संपन्न होने के बाद बांड भराकर रिहा कर दिया गया। वहीं, चार पहिया और दोपहिया मिलाकर तीन दर्जन वाहनों को जब्त किया गया।
मैनपुरा इलाके में वार्ड संख्या 22-सी में मिल्की मध्य विद्यालय में मतदान केंद्र में हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलते ही सिटी एसपी (मध्य) चंदन कुशवाहा और विधि-व्यवस्था डीएसपी डॉ. मो. शिब्ली नोमानी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। मौके से मौजूद 32 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके वाहन भी जब्त कर लिए गए। पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही कुछ असामाजिक तत्व पथराव करने लगे। इसके कारण पास के महंत हनुमान शरण विद्यालय में मतदान करने आए लोगों में भी अफरातफरी हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। एक घंटे की मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया जा सका। कंकड़बाग थाने की पुलिस ने बोगस वोट की अफवाह पर दो लोगों को पकड़ा। सत्यापन के बाद दोनों को निजी मुचलके पर मुक्त कर दिया गया।
दोपहर करीब तीन बजे वार्ड संख्या सात के पुनाइचक स्थित संत अल्बर्ट हाईस्कूल के बूथ पर कुछ लोगों ने बवाल काटा। उनका आरोप था कि उनके बदले दूसरे ने वोट दे दिया है।
वार्ड संख्या 16 के गर्दनीबाग स्थित बूथ नंबर 14 और 15 पर सुबह के वक्त लोगों ने हंगामा किया। उनका आरोप था कि ईवीएम में गड़बड़ी की गई है। पुलिस ने कुछ उपद्रवियों को हिरासत में लिया। इसके बाद मामला शांत हुआ।
वार्ड संख्या 37 के सालिमपुर अहरा कन्या विद्यालय स्थित बूथ पर तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यशैली से नाराज प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने हंगामा किया।
पाटलिपुत्र कॉलोनी में शाम करीब सवा पांच बजे वार्ड संख्या 22 की प्रत्याशी सुनीता कुमारी की पिटाई के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर आगजनी की। सुनीता के समर्थकों का आरोप था कि प्रत्याशी विजेता सिंह के भाई बिट्टू ने मारपीट की। देर शाम तक थाने में हंगामा होता रहा।
शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में वार्ड संख्या आठ की तीन महिला प्रत्याशी और उनके समर्थक आपस में भिड़ गए। उनके बीच जमकर मारपीट हुई। मामले में तीनों पक्षों ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दोनों ओर से पथराव हुआ, जिसमें सुजीत, राकेश, रवीना और आदित्य घायल हो गए। दोनों प्रत्याशियों ने आभा पर मोबाइल और चेन छीनने का आरोप लगाया है। वहीं आभा का कहना है कि दोनों प्रत्याशियों ने षड्यंत्र के तहत उनके बेटे की पिटाई की।
फुलवारीशरीफ के बल्मिचक स्थित वार्ड संख्या 10 के मतदान केंद्र पर लोगों ने जमकर हंगामा किया। स्थानीय लोगों ने करीब पंद्रह मिनट के लिए सड़क जाम कर दिया।