पुलिस अस्पताल में बनेगा 30 बेड का आइसोलेशन वार्ड, डॉक्टर-स्टाफ और दवाएं होंगी उपलब्ध
पटना में पुलिसकर्मियों को खतरे में देख पुलिस महकमे ने एहतियातन पुलिस अस्पताल में 30 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। ये जल्द ही उपलब्ध होगा।
पटना, जेएनएन। लॉकडाउन में कोरोना संक्रमण की आशंका के बीच ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को खतरे में देख पुलिस महकमे ने एहतियातन पुलिस अस्पताल में 30 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। ये जल्द ही उपलब्ध होगा। एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा पुलिस लाइन के पदाधिकारियों के साथ पुलिस अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में 30 बेड हैं। आशंकित लोगों के उपचार के लिए जो भी कमियां हैं उन्हें जल्द दूर करने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस लाइन में हर दिन हो रही जांच
लॉकडाउन के दौरान वाहन चेकिंग, राहत सामग्री वितरण समेत ड्यूटी पर तैनात सभी जवानों की नियमित जांच की जा रही है। पुलिस लाइन गेट पर भी हर एक पुलिसकर्मी की थर्मल जांच की जा रही है। ऐसी स्थिति में अगर किसी जवान या पुलिस पदाधिकारी में संक्रमण के लक्षण या संक्रमित के संपर्क में आने की सूचना मिलती है तो उन्हें तत्काल आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया जाएगा। निरीक्षण में पुलिस अस्पातल में कुछ बेड खराब मिले, जिन्हें बदल दिया गया है। बेड सीट और अन्य सामान की खरीदारी हो चुकी है। अस्पताल की साफ-सफाई कराने के साथ उसे सैनिटाइज कराया गया है। कुछ बेड अस्पताल के हॉल और कुछ वार्ड में व्यवस्थित किए गए हैं।
मास्क और सैनिटाइजर बांटे जाएंगे
पुलिसकर्मियों के लिए पांच हजार मास्क और एक हजार सैनिटाइजर की खरीद हो रही है। इसकी आपूर्ति शुरू कर दी गई है। इसे पुलिस लाइन और थाने से जवानों तक पहुंचाया जाएगा। जवानों को सतर्कता बरतने की सलाह भी दी जा रही है। उन्हें वायरस से बचने के हर उपाय बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों को सूचना मिली थी कि कई जवानों तक मास्क नहीं पहुंच पाया। ऐसे चौक-चौराहे पर तैनात जवानों तक मास्क और सैनिटाइजर पहुंचाया जा रहा है। सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए 250 जवानों को बीएन कॉलेज और बांकीपुर गर्ल्स हाईस्कूल में शिफ्ट किया गया है।