Bihar CoronaVirus Update: बिहार में लॉकडाउन का दिखा असर, गया और पटना में कम होने लगे मामले
Bihar Coronavirus Update News शुक्रवार को जारी आंकड़े के अनुसार विगत 24 घंटे में 13489 लोगों ने कोरोना को पराजित करने में सफलता हासिल की है। आज जितने पॉजिटिव मिले उसके अनुपात में स्वस्थ होने वालों की संख्या ज्यादा है। राज्य की रिकवरी रेट 79.16 फीसद है।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar CoronaVirus Update News: बिहार में लगाए गए लॉकडाउन का थोड़ा असर अब दिखने लगा है। राज्य में 24 घंटे के अंदर कोरोना संक्रमण के 13466 नए मामले मिले हैं। तीन दिनों के बाद संक्रमण के आंकड़ों में गिरावट आई है। इसके पूर्व 6 मई को 15126, 5 मई को 14836 तो 4 मई को 14794 संक्रमित मिले थे। संक्रमण के नए मामले सामने आने के बाद राज्य में एक्टिव केस की संख्या 115066 है। स्वास्थ्य विभाग की माने तो विगत 24 घंटे में कोरोना से 62 लोगों की जान गई है। जबकि करीब साढ़े 13 हजार लोग स्वस्थ भी हुए हैं। विभाग के अनुसार गुरुवार-शुक्रवार मिलाकर राज्य में 1.07 लाख टेस्ट किए गए।
सबसे अधिक संक्रमण वाले पटना और गया से राहत की खबर
सबसे अधिक संक्रमितों की संख्या वाले पटना जिले से शुक्रवार को राहत की खबर आई। यहां से कुल 2410 पॉजिटिव मिले हैं। इसके पूर्व गुरुवार को पटना से 3665 पॉजिटिव मिले थे। गया से भी आज कम संक्रमित मिले। यहां से 517 संक्रमित मिले। जबकि गुरुवार को गया से 752 पॉजिटिव मिले थे। इन दो जिलों के अलावा बेगूसराय से 488, भागलपुर से 512, मुंगेर से 603, मुजफ्फरपुर से 630, नालंदा से 548, पूर्णिया से 459, सारण से 509, सुपौल से 513, वैशाली से 509 और पश्चिम चंपारण से 537 संक्रमित मिले।
सभी जिलों से मिल रहे पॉजिटिव
इन जिलों के अलावा अररिया से 200, अरवल से 140, औरंगाबाद 236, बांका से 120, भोजपुर से 190, बक्सर से 150, दरभंगा से 178, पू. चंपारण से 267, गोपालगंज से 246, जमुई से 263, जहानाबाद से 108, कैमूर से 109, कटिहार से 216, खगडिय़ा 186, किशनगंज से 173, लखीसराय से 69, मधेपुरा से 279, मधुबनी 362, नवादा से 131, रोहतास से 140, सहरसा से 285, समस्तीपुर से 378, शेखपुरा से 90, शिवहर से 89,सीतामढ़ी से 160, सिवान से 425 पॉजिटिव मिले हैं।
मौत के आंकड़े भी कम हुए
स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को कोरोना संक्रमण की वजह से राज्य में 62 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की। इस लिहाज से कोरोना से शुक्रवार को कम जानें गई है। इसके पूर्व गुरुवार को संक्रमण ने 90 लोगों की जान ली थी। बता दें कि राज्य में विगत एक वर्ष में कोरोना संक्रमण की वजह से अब तक 3139 लोगों की जान जा चुकी है।
13 हजार से ज्यादा स्वस्थ हुए
शुक्रवार को जारी आंकड़े के अनुसार विगत 24 घंटे में 13489 लोगों ने कोरोना को पराजित करने में सफलता हासिल की है। आज जितने पॉजिटिव मिले उसके अनुपात में स्वस्थ होने वालों की संख्या ज्यादा है। विगत एक वर्ष के दौरान 4.49 लाख लोग कोरोना को हराने में सफल रहे हैं। राज्य की रिकवरी रेट 79.16 फीसद है।
- प्रदेश से 13466 तो पटना से आज मिले 2410 कोरोना पॉजिटिव
- 13489 लोगों ने 24 घंटे में कोरोना को किया पराजित
- मौत के आंकड़ों में कमी, 24 घंटे में 62 की गई जान