बिहार में कड़ाके की ठंड से टूटा 10 साल का रिकॉर्ड, तीन डिग्री तक पहुंचा पटना का तापमान
Hard Cold in Patna फरवरी की शुरुआत में पड़ रही मौसम की सबसे अधिक ठंड दो दिन और बिगड़ा रहेगा मौसम का मिजाज गया और पटना सबसे ठंडा धूप निकली लेकिन बर्फीली हवाओं से शीतलहरी गर्म कपड़े पहन सावधानी से निकलें इंटर परीक्षार्थी
पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather Update: बिहार में मौसम के मिजाज से लोग हैरान हैं। फरवरी के पहले दिन राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। और तो और घने कोहरे के कारण सड़कों पर पांच मीटर तक दिखाई देना भी मुश्किल है। पूरे दिसंबर और जनवरी महीने में जितनी ठंड नहीं पड़ी, उतनी अब पड़ रही है। 30 और 31 जनवरी के दरम्यान पटना का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि मकर संक्रांति तक पटना का न्यूनतम तापमान 6 या 7 डिग्री से नीचे गया ही नहीं था। इतनी ठंड तो पिछले 10 साल में नहीं पड़ी वह भी तब, जब जनवरी गुजरने को थी।
अगले दो दिनों तक राहत की कोई संभावना नहीं
भीषण ठंड का प्रकोप जारी है। दिन हो या रात, शीतलहर से लोग कांप रहे हैं। अगले दो दिनों राहत मिलने की संभावना नहीं है। सोमवार से बोर्ड की इंटर परीक्षा भी शुरू हो रही है। छात्रों को गर्म कपड़े के साथ सावधानी से परीक्षा केंद्रों के लिए निकलना होगा। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में उत्तर पश्चिम की बर्फीली हवाओं का प्रभाव जारी है। इस कारण न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट देखी जा रही है। गया और पटना का न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.1 और 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
10 साल में पटना में नहीं पड़ी है इतनी ठंड
बीते 10 वर्षों के दौरान पटना का दूसरी बार न्यूनतम तापमान रविवार को 3.1 रिकॉर्ड किया गया। इससे पूर्व नौ जनवरी 2013 को न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, भागलपुर व पूर्णिया का अधिकतम तापमान क्रमश: 19.6 और 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिन में धूप पर शाम में कनकनी
सोमवार को धूप निकलने से लोगों ने राहत तो महसूस की, लेकिन शाम होते ही ठंडी हवा से कनकनी बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 16 डिग्री एवं न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह धुंध छाई रहेगी। राज्य के अधिकांश इलाकों में शीतलहर चलेगी। बाहर निकलने वाले लोग सावधान रहें। वाहन चलाने में भी सतर्कता बरतने की आवश्यक्ता है।
- 9 जनवरी 2013 को पटना का न्यूनतम तापमान था 1.1 डिग्री
- 10 वर्षों के दौरान पटना का दूसरी बार न्यूनतम तापमान 3.1 रिकॉर्ड
- 7 जनवरी 2018 को गया का 2.8 डिग्री रहा था न्यूनतम पारा