Sushant Singh Rajput Death Case: सुशांत की तीन में से दो कंपनी की डायरेक्टर थी रिया, जद में कई कलाकार
पटना में दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि रिया चक्रवर्ती सुशांत को मानसिक रूप से बीमार बना रही थी। यह भी आरोप लग रहे हैं कि मुंबई पुलिस इस जांच को दूसरी दिशा में ले जा रही।
पटना, जेएनएन। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस में पटना में दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि रिया चक्रवर्ती सुशांत को मानसिक रूप से बीमार बना रही थी। इसके लिए वो सुशांत को दवा का ओवरडोज देती थी। उन डॉक्टरों पर भी रिया का साथ देने और इस षड्यंत में शामिल होने का आरोप लगाया गया है जो सुशांत का इलाज कर रहे थे। पटना पुलिस अब डॉक्टर के पास जाएगी। सुशांत को पहली बार कौन साथ लेकर आया? उन्हें क्या परेशानी थी? दवा की जरूरत थी या नहीं? थी, तो कौन सी दवा और उसका डोज क्या था? फीस और दवा बिल का भुगतान कौन करता था? पुलिस पुराने बिल और पर्चे मांग सकती है। साथ ही पुलिस यह भी पता करेगी आखिर दवाओं का डोज किसके कहने पर बढ़ाया जाता था? पुलिस यह भी जानने का प्रयास करेगी कि रिया पहले उस डॉक्टर के क्लीनिक में अकेले कितनी बार गई है? गुरुवार को पटना पुलिस डॉक्टर से पूछताछ कर सकती है।
तीन कंपनियों में दो में डायरेक्टर थी रिया
पटना पुलिस को बताया गया कि मुंबई पुलिस रिया से दो बार पूछताछ कर चुकी है। सूत्रों की मानें तो पूछताछ के दौरान रिया ने मुंबई पुलिस को वित्तीय लेनदेन की जानकारी नहीं दी थी। पटना पुलिस ने इस बिंदु पर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सुशांत की तीन में दो कंपनियों में रिया डायरेक्टर थी। एक कंपनी में रिया का भाई शोविक चक्रवर्ती एडिशनल डायरेक्टर था। तीनों कंपनियों में सुशांत ने अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा इन्वेस्ट किया था। सूत्रों की मानें तो सभी कंपनी के खर्च की ज्यादा जानकारी रिया के पास होती थी।
मुंबई पुलिस पर जांच भटकाने का आरोप
सुशांत के पिता यह कह चुके है कि मुंबई पुलिस आरोपित की जांच करने की बजाय किसी और से पूछताछ कर रही है। यह भी बात सामने आई कि मुंबई पुलिस उनकी बात मानने को तैयार नहीं थी, इसलिए यह केस दर्ज कराने में करीब डेढ़ महीने लगे। यह भी कहा जा रहा है मुंबई पुलिस परिवार पर यह दबाव डाल रही थी कि बड़े-बड़े प्रोडक्शन हाउस का नाम लें। आरोप है कि मुंबई पुलिस इस जांच को दूसरी दिशा में ले जा रही है।
सीबीआइ को ट्रांसफर हो सकता है केस
पटना के पुलिस अधिकारी मामले में 'जांच हो रही है' इसके आगे एक भी शब्द बोलने से हिचक रहे हैं। मुंबई पुलिस सुशांत की आत्महत्या के मामले में 40 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इसमें संजय लीला भंसाली, आदित्य चोपड़ा सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं। सूत्रों की मानें तो अब मुंबई पुलिस भी बचकर चल रही है। अगर पटना पुलिस को सहयोग करने में आनाकानी करती है तो उनकी जांच पर सवाल उठने लगेंगे और सहयोग के बाद पटना पुलिस के हाथ सबूत लग गए तो भी मुंबई पुलिस की किरकिरी होनी तय है। जांच में पेंच फंसने पर यह मामला सीबीआइ को भी ट्रांसफर हो सकता है।
पटना पुलिस को चाहिए इन सवालों का जवाब
- सुशांत को 2019 के पहले तक कोई भी दिमागी बीमारी नहीं थी। रिया के संपर्क में आने के बाद अचानक मानसिक रूप से कैसे बीमार कैसे हो गया?
- यदि उनका इलाज चल रहा था तो उनके स्वजन से लिखित या मौखिक मंजूरी क्यों नहीं ली गई, जो जरूरी है?
- रिया के साथ सुशांत का इलाज करने वाले डॉक्टर ने क्या दवाएं दीं, क्या वह भी इस साजिश में शामिल हैं?
- मानसिक हालत नाजुक होने पर रिया ने सुशांत का ठीक से इलाज क्यों नहीं कराया, वह सारे पर्चे साथ क्यों ले गई?
- सुशांत के एक बैंक खाते में सालभर में करीब 15 करोड़ निकाल लिए गए, ये पैसे किन खातों में गए?
-सुशांत बॉलीवुड में नाम कमा चुके थे। ऐसा क्या हुआ कि रिया के आने के बाद उसे फिल्में ही मिलनी बंद हो गईं?
- दोस्त महेश के साथ सुशांत ऑर्गेनिक खेती के लिए केरल में जमीन देख रहा था, तब रिया ने उसे रोकने के लिए ब्लैकमेल किया?
- रिया ने सुशांत के सभी विश्वसनीय कर्मियों को बदलकर क्यों अपने रिश्तेदारों या परिचित को रख दिया?